जयपुर, 28 अक्टूबर 2025 (भाषा)
राजस्थान के जयपुर जिले के मनोहरपुर इलाके में मंगलवार को एक निजी बस बिजली के तारों के संपर्क में आ गई जिससे उसमें करंट आ गया और दो लोगों की मौत हो गई। जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राशि डोगरा डूडी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि करंट लगने से दस व्यक्ति झुलस भी गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि बस उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से मजदूरों को लेकर मनोहरपुर स्थित एक ईंट भट्टा जा रही थी। बस में कुछ गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान भी था। उन्होंने बताया कि मनोहरपुर के एक गांव के पास कच्चे रास्ते से गुजरते समय बस की छत पर रखा सामान हाईटेंशन लाइन को छू गया जिसके बाद बस में आग लग गई।
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
कुछ मजदूर बस से कूदने में कामयाब रहे। बाद में आग बुझा दी गई। घायलों को शाहपुरा के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से छह को झुलसने की वजह से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि कुछ का शाहपुरा में प्राथमिक उपचार किया गया। सिंह ने बताया कि घरेलू सामान में गैस सिलेंडर भी शामिल थे।
क्या बोले प्रेमचंद बैरवा?
उपमुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। एसएमएस अस्पताल में ‘बर्न वार्ड’ में घायलों के शीघ्र उपचार की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन के अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने अस्पताल पहुँचे।
मुख्यमंत्री शर्मा और बागडे ने भी किया शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जयपुर के मनोहरपुर में हुई बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार का निर्देश दिया गया है।’’ राज्यपाल हरिभाउ बागडे ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

