सिवनी (मध्यप्रदेश), 09 दिसंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश की सुकतारा हवाई पट्टी से करीब दो किलोमीटर दूर सोमवार शाम एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर आमगांव के खेतों के पास 33 केवी वाले बिजली के तार से टकराने के बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
बिजली के तार से टकराने से हुआ विमान दुर्घटनाग्रस्त
अकादमी के प्रतिनिधियों ने पुलिस को बताया कि विमान का इंजन उड़ान के लिए जरूरी ऊर्जा नहीं बना पा रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम करीब छह बजकर 25 मिनट पर हुई जब जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सिवनी-नागपुर मार्ग पर सुकतारा हवाई पट्टी से करीब दो किलोमीटर दूर आमगांव के खेतों के पास ‘रेडवर्ड एविएशन कंपनी’ का एक प्रशिक्षण विमान बिजली के तार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
पायलट और एक अन्य यात्री घायल
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में पायलट अजीत चावड़ा और एक अन्य यात्री घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि दोनों सुरक्षित हैं और बारापाथर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज हो रहा है।
कैसे हुई यह घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हवाई पट्टी पर उतरते समय प्रशिक्षण विमान का निचला हिस्सा बादलपार सबस्टेशन की 33 केवी बिजली के तार से टकरा गया। अधिकारी ने बताया कि इस दौरान बिजली का तार टूट गया और प्रशिक्षण विमान जमीन पर गिर गया। अधिकारी ने बताया कि तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। सिवनी के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने बताया कि प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

