टीकमगढ़ में खाद के लिए कतार में खड़े किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत

टीकमगढ़ में खाद के लिए कतार में खड़े किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत
Share this news

टीकमगढ़ (मध्यप्रदेश), 09 दिसंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के एक गांव में सोमवार को खाद के लिए कतार में खड़े एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। यह घटना बडोरा गांव के एक गोदाम में हुई और मृतक की पहचान जमुना कुशवाहा के रूप में हुई है।

परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे

कुशवाहा के छोटे भाई छक्की ने बताया, “मेरा भाई पिछले दो दिनों से दो बोरी यूरिया लेने के लिए हमारे गांव बजरूआ से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित गोदाम में जा रहा था।” उन्होंने कहा, “कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए, उन्हें उल्टी होने लगी और चक्कर आने लगे।” उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद स्थानीय तहसीलदार सतेंद्र गुर्जर उनके भाई को अपने वाहन से जिला अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत– डॉक्टर दीपक ओझा

देहत पुलिस थाने के प्रभारी चंद्रजीत यादव ने डॉ. दीपक ओझा द्वारा किए गए पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जमुना कुशवाहा की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

यूरिया खाद को लेकर विरोध प्रदर्शन

टीकमगढ़ जिले में कई दिनों से किसान यूरिया खाद की कमी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले हफ्ते, जतारा शहर के कुछ किसानों ने एक स्थानीय उर्वरक वितरण केंद्र के परिसर में खड़े एक ट्रक से यूरिया के 30 से 40 बैग लूट लिए थे।सोमवार को बलदेवगढ़ और खरगापुर क्षेत्रों के किसानों ने खाद की किल्लत के विरोध में टीकमगढ़-छतरपुर सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements