पणजी, 08 दिसंबर 2025 (भाषा)
उत्तर गोवा का लोगों से खचाखच भरा एक नाइटक्लब रविवार आधी रात के बाद आग की भीषण लपटों में घिर गया, जिससे 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इस हादसे ने क्लब में कथित अवैध गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी आग
पुलिस ने पहले कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि संभवत: सिलेंडर विस्फोट के कारण आग लगी, लेकिन इस त्रासदी में बचे एक पर्यटक ने दावा किया कि नृत्य प्रस्तुति के दौरान आतिशबाजी की गई और वही आग लगने की असली वजह हो सकती है। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लोग पणजी से 25 किलोमीटर दूर अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के भूतल पर फंस गए थे, जिसके कारण अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने से हुई।
मृतकों में चार पर्यटक और 14 कर्मचारी शामि
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प जताया, जिन्होंने सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के बावजूद क्लब के संचालन की अनुमति दी। एक ग्राम अधिकारी ने दावा किया कि निर्माण अनधिकृत था और मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में चार पर्यटक और 14 कर्मचारी शामिल हैं, जबकि बाकी सात की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
कई नेताओं ने घटना पर जताया दुःख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने इस घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘गोवा के अरपोरा में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को पचास-पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।’’
लोग भूतल पर ही फसे
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग पहली मंजिल पर लगी थी और भीड़भाड़ होने एवं छोटे दरवाजों के कारण लोग बाहर नहीं भाग सके। मुख्यमंत्री सावंत ने बताया, ‘‘कुछ लोग भूतल पर भाग गए और वहीं फंस गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम क्लब प्रबंधन और उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, जिन्होंने सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के बावजूद इसे संचालित करने की अनुमति दी। राज्य में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना ऐसे समय में हुई है, जब बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं। हम घटना की मजिस्ट्रेट से विस्तृत जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’
आग की लपटें उठते ही मची अफरा तफरी
हैदराबाद की रहने वाली फातिमा शेख ने कहा, ‘‘आग की लपटें उठते ही अफरा-तफरी मच गई। हम क्लब से बाहर भागे, तो देखा कि पूरा क्लब आग की लपटों में घिरा हुआ था। सप्ताहांत होने की वजह से नाइट क्लब खचाखच भरा हुआ था और ‘डांस फ्लोर’ पर कम से कम 100 लोग थे।’’ शेख ने बताया कि आग लगने के बाद कुछ पर्यटक नीचे की ओर भागे तथा भूतल पर स्थित रसोई में चले गए। उसने कहा, ‘‘वे (पर्यटक) अन्य कर्मचारियों के साथ वहीं फंस गए। कई लोग क्लब से बाहर निकलने में कामयाब रहे।’’
शेख के अनुसार, कुछ ही देर में पूरा क्लब आग की चपेट में आ गया। उसने कहा, ‘‘वहां ताड़ के पत्तों से बना एक अस्थायी ढांचा था, जिसने तेजी से आग पकड़ ली।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

