तिनसुकिया/ईटानगर (असम), 12 दिसंबर 2025 (भाषा)
अरुणाचल प्रदेश के एक सुदूर इलाके में एक ट्रक के खाई में गिरने से उसमें सवार असम के तिनसुकिया जिले के कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता हैं।
8 दिसंबर की रात हुआ दर्दनाक हादसा
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति से प्राप्त सूचना के आधार पर बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्से में स्थित अंजॉ जिले के हयूलियांग-चागलागम रोड पर यह दुर्घटना आठ दिसंबर को हुई। इस ट्रक पर तिनसुकिया जिले के 22 मजदूर सवार थे।
आज होगा सर्च ऑपरेशन
अरुणाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव दानी सालू ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम बृहस्पतिवार शाम को हयूलियांग से लगभग 10 किलोमीटर दूर एक क्षेत्र में पहुंची और मौसम अनुकूल रहने पर यह शुक्रवार को शवों को निकालने का अभियान शुरू करेगी।
एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति ने सुने आपबीती
रावत ने एक बयान में कहा कि यह दुर्गम इलाका चागलागम से लगभग 12 किलोमीटर दूर है और वहां संपर्क सीमित है तथा दुर्घटना की जानकारी किसी भी स्थानीय एजेंसी, ठेकेदार या नागरिक को नहीं थी। बयान के अनुसार, एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति ने जब आपबीती सुनाई तभी इसकी जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि 18 शव देखे गए हैं।
10 दिसंबर तक किसी को नहीं थी दुर्घटना की जानकारी
सालू ने बताया कि यह दुर्घटना आठ दिसंबर की शाम या रात को हयूलियांग से चागलागम की ओर लगभग 40 किलोमीटर दूर घटी। हालांकि, जिला प्रशासन को 10 दिसंबर के दिन तक भी दुर्घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘दस दिसंबर की शाम के आसपास जीवित बचा एक व्यक्ति किसी तरह खाई से बाहर निकलना और पास के सीमा सड़क कार्य बल (बीआरटीएफ) के श्रम शिविर तक पहुंचा, जहां उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई।’’ इसके बाद बीआरटीएफ प्राधिकारियों ने जिले के उपायुक्त को सूचित किया।
घने पेड़ों के बीच दिखा ट्रक
उन्होंने कहा, ‘‘चार घंटे की गहन तलाश के बाद पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर ट्रक को ‘केएम 40’ के पास सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे एक स्थान पर देखा गया। यह इलाका घने वृक्षों वाला है, इसलिए वाहन न तो सड़क दिखाई दे रहा था और न ही हेलीकॉप्टर से।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

