इंदौर में अफवाहों के कारण महिला शोधार्थी को बच्चा चोर बताकर सरेआम पीटा गया

इंदौर में अफवाहों के कारण महिला शोधार्थी को बच्चा चोर बताकर सरेआम पीटा गया
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 फरवरी 2026 (भाषा)

इंदौर में 30 वर्षीय महिला शोधार्थी को बच्चा चोर बताकर सरेआम पीटा और अपमानित करने के आरोप में पुलिस ने लोगों के एक समूह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित

महिला शोधार्थी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। यह घटना ऐसे वक्त सामने आई है, जब शहर में बच्चा चुराने वाले गिरोहों के सक्रिय होने की अफवाहें जोर पकड़ रही हैं और पुलिस इन्हें खारिज कर रही है।

स्थानीय महाविद्यालय में है शोधार्थी

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पीड़ित महिला एक स्थानीय महाविद्यालय में शोधार्थी है और उसे लोगों के एक समूह ने मंगलवार को एमआईजी थाना क्षेत्र में बच्चा चोर बताकर सरेआम पीटा और अपमानित किया।

कोई भी बच्चा चोर गिरोह नहीं है सक्रिय

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया,‘‘शहर में बच्चा चुराने वाला कोई भी गिरोह सक्रिय नहीं है। सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी के बारे में अफवाहें फैलाने वाले लोगों को चिन्हित करके उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उनके सोशल मीडिया खाते बंद कराए जा रहे हैं।’’

बच्चा चोर कहते हुए गाली-गलौज

इस बीच, पीड़ित महिला ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसे लोगों ने उस वक्त सड़क पर रोका, जब वह एक मेडिकल स्टोर की ओर जा रही थी। उसने बताया,‘‘एक व्यक्ति ने मुझे बच्चा चोर कहते हुए गालियां देनी शुरू कर दीं। मैंने उससे कहा कि वह मेरा परिचय पत्र देख सकता है, लेकिन वह मेरी एक भी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। इस व्यक्ति ने दूसरे लोगों को भी जमा कर लिया।’’ पीड़ित महिला ने बताया कि लोगों के समूह में शामिल दो महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और उसे पीटते हुए थाने ले गईं।उसने बताया कि रास्ते में उसके साथ कुछ युवकों ने भी मारपीट की और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे अपमानित किया।

पीड़ित महिला ने कहा,‘‘घटना के दौरान उन लोगों ने मेरा वीडियो भी बना लिया और वे इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। मुझे बेवजह बदनाम किया जा रहा है। अगर इस बदनामी के कारण मेरे साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार ये लोग होंगे।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements