हैदराबाद, 05 मार्च 2026 (भाषा)
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना और अभिनेता विजय देवरकोंडा ने अपनी शादी के बाद परिवार, दोस्तों और उद्योग जगत के साथियों के लिए एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया। दोनों सितारों ने 26 फरवरी को उदयपुर के बाहरी इलाके में स्थित एक आलीशान होटल में निजी समारोह में शादी की थी।
रिसेप्शन में हुईं कई हस्तियां शामिल
यहां होटल ताज कृष्णा में बुधवार शाम को आयोजित रिसेप्शन में अल्लू अर्जुन, चिरंजीवी और उनके बेटे राम चरण, नागार्जुन, उनकी पत्नी अमाला और बेटे नागा चैतन्य सहित कई हस्तियां शामिल हुईं। समारोह में दग्गुबती वेंकटेश, राधिका सरतकुमार, आर सरतकुमार, नानी, नम्रता शिरोडकर और बेटी सितारा, श्रीलीला, दीक्षित शेट्टी भी शामिल हुए। कृति सैनन, करण जौहर, सुकुमार, नीना गुप्ता और उनके पति विवेक मेहरा, नवीन पॉलिशेट्टी भी इस समारोह का हिस्सा थे।
रश्मिका और देवरकोंडा का रिसेप्शन लुक
रिसेप्शन के लिए मंदाना और देवराकोंडा ने पारंपरिक परिधान चुने थे। मंदाना (29) ने लाल और सुनहरे बॉर्डर वाली साड़ी पहनी थी, जबकि 36 वर्षीय विजय ने क्रीम रंग का कुर्ता और धोती पहनी थी और साथ में उन्होंने अपने कंधे पर शॉल रखा था।

जैसे ही वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे दोनों ने बाहर मौजूद ‘पैपराजी’ का मुस्कुराकर और हाथ हिलाकर अभिवादन किया, साथ ही हाथ जोड़कर और झुककर उन्हें नमस्कार किया। देवरकोंडा ने कहा, ‘‘आप सभी के प्यार के लिए धन्यवाद… हमें उम्मीद है कि आज समारोह खत्म होने के बाद हमें कुछ समय शांति से बिताने का मौका मिलेगा।’’
कर्नाटक उपमुख्यमंत्री भी शामिल हुए कार्यक्रम में
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दंपति के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के विवाह समारोह में शामिल होकर मुझे बहुत खुशी हुई और मैं व्यक्तिगत रूप से इस जोड़े को अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं। वे अपने जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। वे खुश रहें और यू हीं साथ रहें इसके लिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं।’’

‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी फिल्मों में काम कर चुका यह जोड़ा सात साल से साथ था। हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते की सार्वजनिक पुष्टि कुछ ही दिन पहले की थी। इसे उन्होंने ‘‘विरोश की शादी’’ नाम दिया जो प्रशंसकों द्वारा उन्हें दिया गया उपनाम है।
फिल्म और मनोरंजन से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

