छिंदवाड़ा में बस और पिकअप वाहन की टक्कर में 10 लोगों की मौत, 31 घायल

Share this news

छिंदवाड़ा (मप्र), 27 मार्च 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में बृहस्पतिवार शाम को एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रही एक बस और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई और 31 अन्य घायल हो गए। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर किया दुख व्यक्त

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। उन्होंने साथ ही यह घोषणा भी की कि सभी घायलों का इलाज मुफ्त में किया जाएगा।

हादसे में छह पुरुष, तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर नागपुर रोड पर सिमरिया के पास हुई। उन्होंने बताया कि हादसे में छह पुरुष, तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घायलों में तीन की हालत गंभीर है। हादसे के समय बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।

विपक्ष नेता उमंग सिंघार ने कहा : घटना अत्यंत दुखद एवं गंभीर

विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने कहा कि छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस की भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मृत्यु एवं 30 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत दुखद एवं गंभीर है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि चूंकि सभी लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे, अतः यह राज्य सरकार एवं स्वयं मुख्यमंत्री की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी है कि घायलों को शीघ्र अति-शीघ्र उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाए और प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल समुचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों के अनुसार कार्यक्रम में बसों के माध्यम से अत्यधिक संख्या में लोगों को लाया गया था।उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में यह प्रश्न उठता है कि क्या उनके सुरक्षित आवागमन हेतु कोई ठोस एवं पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।’’सिंघार ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्थागत लापरवाही का गंभीर संकेत है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार इस पर स्पष्ट जवाब दे और जिम्मेदारी तय करे।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements