बिहार : राम नवमी के अवसर पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, भाजपा अध्यक्ष ने पटना में की पूजा-अर्चना

बिहार : राम नवमी के अवसर पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, भाजपा अध्यक्ष ने पटना में की पूजा-अर्चना
Share this news

पटना, 27 मार्च 2026 (भाषा)

राम नवमी के अवसर पर बिहार में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, उन्होंने प्रार्थना की और धार्मिक उत्साह के साथ पर्व मनाया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की पूजा-अर्चना

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य की राजधानी पटना में महावीर मंदिर सहित कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान राम के जीवन में प्रदर्शित आदर्श और मूल्य हम सभी के जीवन का मार्गदर्शन करें।”

यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था का प्रमुख केंद्र : नितिन नवीन

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “बचपन से ही हम यहां महावीर मंदिर में भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में रामनवमी मनाते आ रहे हैं। यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था का प्रमुख केंद्र है।” उन्होंने अपने गुरु दिवंगत आचार्य किशोर कुणाल को भी याद किया, जिन्होंने महावीर मंदिर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नवीन ने कहा, “मेरे गुरु भगवान राम के चरणों में स्थान पा चुके हैं, लेकिन उनका योगदान हम सभी के लिए प्रेरणा बना रहेगा।”

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीं रामनवमी की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी रामनवमी के अवसर पर राज्य और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘भगवान राम का जीवन पूरी मानव जाति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन मानव प्रेम, सद्भाव, सहनशीलता, त्याग-तपस्या एवं मर्यादा का प्रतीक है।’’ कुमार ने कहा, ‘‘भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में रामनवमी असीम भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। आप सभी पावन पर्व रामनवमी को प्रेम, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।’’

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘रामनवमी बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है। मैंने बिहार में शांति और समृद्धि की प्रार्थना की है।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements