बेंगलुरु, 06 अप्रैल 2026 (भाषा)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने टिम डेविड (नाबाद 70), देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के टी20 मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रन से शिकस्त दी।
सीएसके की यह लगातार तीसरी हार
यह सीएसके की लगातार तीसरी हार है जिसके कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर आरसीबी को बल्लेबाजी का न्योता दिया। आरसीबी ने डेविड और पडीक्कल के अलावा कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद 48 रन और फिल सॉल्ट की 46 रन की पारी से तीन विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पडिक्कल (29 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और डेविड (25 गेंद, तीन चौके, आठ छक्के) ने धमाकेदार हिटिंग का प्रदर्शन करते हुए सीएसके के बेबस गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
कप्तान पाटीदार की 19 गेंद की पारी में एक चौका और छह छक्के जड़े थे। सॉल्ट ने 30 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के जमाए।
सीएसके की काफी खराब शुरूआत
सीएसके की शुरूआत काफी खराब हुई जिसने पहले ही ओवर में कप्तान गायकवाड (07) का विकेट गंवा दिया जो डफी की गेंद पर बल्ला छुआकर स्लिप में पडीक्कल के हाथों लपके गए। इस तरह गायकवाड़ का टूर्नामेंट में लचर प्रदर्शन जारी रहा। आयुष म्हात्रे (01) और संजू सैमसन अगले दो ओवर में पवेलियन पहुंच गए, अब स्कोर तीन विकेट पर 30 रन हो गया।

सरफराज ने किया अपना अर्धशतक पूरा
सरफराज (25 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) ने जिम्मेदारी से खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। पावरप्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 77 रन हो गया था। लेकिन अगली ही गेंद पर वह पंड्या का शिकार हुए जब विकेटकीपर जितेश शर्मा ने उन्हें स्टंप आउट किया। शिवम दुबे क्रीज पर उतरे और आते ही छक्का जड़ दिया। इसी सातवें ओवर में पंड्या ने कार्तिक शर्मा (06) को फुल लेंथ गेंद पर आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया। दुबे भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और उनके आउट होने के बाद उम्मीद ही टूट गई।
फिल सॉल्ट आउट
दूसरी विकेट की साझेदारी के दौरान सॉल्ट ज्यादा हावी रहे और इस भागीदारी से टीम को विराट कोहली (28 रन) के जल्दी आउट होने के झटके से उबरने में मदद की। कोहली जब सात रन के स्कोर पर थे तब शिवम दुबे ने खलील अहमद की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया था। सॉल्ट की तेज पारी से घरेलू टीम को पावरप्ले में एक विकेट पर 51 रन तक पहुंचाने में मदद की। लेकिन सॉल्ट ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए, उन्होंने दुबे की गेंद पर डीप में अहमद को एक आसान सा कैच थमा दिया।
देवदत्त पडिक्कल का अर्धशतक
पडीक्कल इस समय तक 18 रन पर थे, उन्होंने दुबे की गेंद पर दो छक्के और एक चौका जड़ा। इसके साथ ही आरसीबी का रन रेट इस पारी में पहली बार 10 रन प्रति ओवर के आंकड़े को पार कर गया। उन्होंने मैट हेनरी की गेंद पर एक रन लेकर इस सत्र में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। लेकिन फिर वह जेमी ओवरटन की गेंद पर ‘रिवर्स स्कूप’ खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए।
आखिरी पांच ओवरों में 97 रन
आरसीबी का स्कोर 15 ओवरों के बाद तीन विकेट पर 153 रन था। इसके बाद टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 97 रन और जोड़े। इसके साथ उन्होंने सीएसके के गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में की गई कुछ खराब गेंदबाजी का भी फायदा उठाया।
पाटीदार और डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 36 गेंद में 99 रन की अटूट साझेदारी की। गेंद चिन्नास्वामी स्टेडियम के हर कोने में उड़ती रही। पाटीदार ने खलील अहमद की जमकर धुनाई की। पाटीदार ने उनके चौथे और आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ दिया।
डेविड ने 17वें ओवर में जड़े तीन छक्के
डेविड ने 17वें ओवर में नूर अहमद को तीन छक्के जड़कर रनों की इस बौछार में अपना योगदान दिया। इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 19वें ओवर में ओवरटन पर चार छक्के जड़े जिनमें से तीन लगातार लगे थे।
आरसीबी की प्लेइंग इलेवन
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह, जैकब डफी। इम्पैक्ट प्लेयर के विकल्प- सुयश शर्मा, जैकब बेथेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान, वेंकटेश अय्यर।
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन
संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, खलील अहमद। इम्पैक्ट प्लेयर के विकल्प- मैथ्यू शॉर्ट, अकील होसेन, कार्तिक शर्मा, रामकृष्ण घोष, गुरजापनीत सिंह।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

