मथुरा में यमुना नदी में नौका पलटने से 10 लोगों की मौत, कई लापता

मथुरा में यमुना नदी में नौका पलटने से 10 लोगों की मौत, कई लापता
Share this news

डूबने से पहले ख़ुशी-ख़ुशी राधे-राधे का जप कर रहा था तीर्थ यात्रियों का दल

मथुरा, 11 अप्रैल 2026 (भाषा)

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं/पर्यटकों से भरी एक नौका के पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं। राहत-बचाव कार्य जारी है।

हादसे में 10 लोगों की मौत

मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया था कि सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे। इसके बाद अधिकारियों ने कहा कि बचाव दल ने चार और लोगों के शव बरामद किये हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। बताया जा रहा है कि नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे।

मृतकों की पहचान:

  1. कविता रानी (49)
  2. चरनजीत (40)
  3. रिकेश गुलाटी
  4. मधुर बहल
  5. आशा रानी
  6. पिंकी बहल (38)
  7. अंजू गुलाटी
  8. ईशान कटारिया
  9. मीनू बंसल
  10. सपना हंस (55)

8 घायल अस्पताल में भर्ती, 5 लोग अब भी लापता

बयान में कहा गया कि आठ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा नौका पर सवार रहे 14 लोगों की सामान्य स्थिति है। बयान में कहा गया है कि पांच लोग अब भी लापता है, जिनमें मानिक टंडन, पंकज मल्होत्रा, ऋषभ शर्मा, यश भल्ला और मोनिका के नाम शामिल हैं।

15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका अब तक

राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा, सेना की टीम लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक गुलाब नामक एक स्थानीय गोताखोर ने बताया कि अब तक लगभग 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है।

लुधियाना के मुक्तसर से आए थे लोग, कुछ लोग हिसार के भी

अधिकारियों ने बताया कि ये श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और अन्‍य शहरों से आए लगभग 150 तीर्थयात्रियों के एक बड़े समूह का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना केसी घाट के पास तब हुई, जब नौका गहरे पानी में जाने के बाद एक तैरते हुए पोंटून (पीपा पुल का एक हिस्सा) से टकरा गई।

अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पानी का स्तर बढ़ने के कारण पीपा पुल को हाल ही में हटा दिया गया था, जिससे नदी में कुछ पोंटून खुले रह गए थे। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हीं में से एक पोंटून से टकराने के कारण नौका पलटी।

हादसे से पहले राधे-राधे का जप कर रहे थे सभी श्रद्धालु

एक नाव के यमुना में डूबने से ठीक पहले का एक वीडियो तेजी से प्रसारित होने से मालूम पड़ा कि सभी यात्री उस समय खुशी-खुशी तालियां बजाते हुए राधे-राधे का जाप कर रहे थे। यमुना नदी में श्रद्धालुओं/पर्यटकों से भरी एक नौका के पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं।

किसी भी यात्री ने नहीं पहन रखा था लाइफ जैकेट

इस वीडियो से यह भी पता चला है कि नाव में सवार इन यात्रियों में से किसी को भी नाविक ने ‘लाइफ जैकेट’ नहीं पहनाई थी, न ही उनमें से किसी ने भी स्वयं इस ओर ध्यान दिया। मोटर चालित नाव (मोटरबोट) में दो दर्जन से अधिक तीर्थयात्री सवार थे। ये सभी पंजाब के लुधियाना, मुक्तसर, जगरांव से आए थे। उनमें कुछ सदस्य हरियाणा के हिसार से भी आए बताए जा रहे हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements