राउरकेला (ओडिशा), 29 अप्रैल 2026 (भाषा)
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर एक बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई तथा 20 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बस और ट्रक की टक्कर से भयानक हादसा
राउरकेला से जाजपुर जिले के मंगलपुर जा रही बस मंगलवार रात चांदीपोश थाना क्षेत्र में ट्रक से टकराई और इस हादसे में मारे गए लोगों में दोनों वाहनों के चालक भी शामिल हैं।
दोनों गाड़ियों के ड्राइवर की मौके पर ही मौत
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बस का एक हिस्सा काटने के बाद कुछ यात्रियों को बाहर निकाला गया।

बस के गलत लेन में चलने के कारण हुआ हादसा
केबिन में बैठकर यात्रा करने के दौरान घायल हुए एक यात्री ने बताया कि चालक का बस पर से नियंत्रण खोने के बाद वह सड़क पर ‘डिवाइडर’ से टकरा गई और फिर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई।
घायल यात्रियों को राउरकेला सरकारी अस्पताल और पास के लहुनीपाड़ा अस्पताल ले जाया गया तथा कम से कम पांच यात्रियों की हालत गंभीर है। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

