भोपाल, 29 अप्रैल 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को एक उपयंत्री और सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। दोनों पर एक निजी कंपनी से दो लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
5 लाख की डिमांड
अधिकारी ने बताया कि रायसेन जिले के उदयपुरा नगर परिषद में पदस्थ उपयंत्री दीपांशु पतेरिया (33) और सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी शंकर साहू को शिकायत के आधार पर पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने बस स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण कार्य के बदले सुरक्षा राशि जारी करने और कार्य अनुभव प्रमाण पत्र देने के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने भोपाल लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी।
शिकायत के बाद बिछाया जाल
अधिकारी ने बताया कि लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को राज्य की राजधानी में छह नंबर मार्केट के पास हॉकर्स कॉर्नर से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

