बरगी बांध हादसा : क्रूज पलटने से नौ लोगों की मौत, तलाश अभियान जारी

बरगी बांध हादसा : क्रूज पलटने से नौ लोगों की मौत, तलाश अभियान जारी
Share this news

जीवित बची महिला ने लापरवाही, ‘लाइफ जैकेट’ को लेकर अफरा-तफरी मचने का लगाया आरोप

जबलपुर, 01 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित बरगी बांध में क्रूज नाव पलटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने पांच और शव बरामद किए हैं जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर नौ हो गई।

‘लाइफ जैकेट’ मुद्दे की होगी जांच : पर्यटन मंत्री

मध्यप्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘ बृहस्पतिवार को चार शव मिले थे तथा आज तड़के बचाव अभियान के दौरान पांच और शव बरामद किए गए जिससे मृतकों की संख्या नौ हो गई है।’’ उन्होंने बताया कि अब तक 22 लोगों को बचा लिया गया है। मंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और ‘लाइफ जैकेट’ से जुड़े उस मुद्दे की भी जांच होगी जिसे हादसे में जीवित बचे एक व्यक्ति ने उठाया है। लोधी ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेजी से जारी है।

बरगी बांध नाव हादसा

बरगी बांध में 29 यात्रियों और दो चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक क्रूज नाव बृहस्पतिवार शाम अचानक आए तूफान के कारण पलट गई थी। यह बांध नर्मदा नदी पर बना हुआ है।

लापता लोगों की तलाश तेज : राकेश सिंह

राज्य के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए रातभर अभियान जारी रहा, जिसमें सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि क्रूज को बाहर निकालने के लिए ‘हाइड्रोलिक क्रेन’ का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कैसे हुआ यह हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण पानी में लहरें उठने लगीं जिसके बाद कई यात्रियों ने चालक दल से क्रूज किनारे ले जाने की गुहार लगाई लेकिन चालक दल इन आवाजों को सुन नहीं सका और नाव बहकर पलट गई। उन्होंने बताया कि ‘लाइफ जैकेट’ पहने कुछ यात्रियों को स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से बचाया।

जीवित बची महिला ने लगाया लापरवाही का आरोप

बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे में बाल-बाल बचीं दिल्ली निवासी संगीता कोरी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि लापरवाही और तैयारियों की कमी के कारण यह दुर्घटना हुई तथा अंतिम समय में ‘लाइफ जैकेट’ बांटने के दौरान अफरा-तफरी मच गई। कोरी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि नाव में क्षमता से अधिक करीब 40 लोग सवार थे, जिनमें बिना टिकट लिए बैठे कुछ बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की चेतावनी के बावजूद चालक ने नाव को सुरक्षित स्थान की ओर नहीं मोड़ा।

परिजनों के लिए बिखलती नजर आई महिला 

कोरी ने कहा, ‘‘हम छह लोग दिल्ली से जबलपुर घूमने आए थे। हमने शाम करीब चार बजे अचानक बरगी बांध जाने का कार्यक्रम बनाया। जब क्रूज शाम करीब छह बजे लौट रहा था, तभी तेज हवाएं चलने लगीं और क्रूज में पानी भरने लगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त तैयारी नहीं होने और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी : जीवित बची महिला

कोरी के अनुसार, ‘‘किसी भी यात्री ने ‘लाइफ जैकेट’ नहीं पहन रखी थी। उन्हें अंदर कहीं रखा गया था। जब पानी भरने लगा तो उन्हें बांटने की कोशिश की गई जिससे अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की मच गई। कुछ ही पलों में नाव पलट गई।’’ उन्होंने बताया कि अफरा-तफरी के बीच उन्होंने किसी तरह ‘लाइफ जैकेट’ पकड़कर अपनी जान बचाई। कोरी ने आरोप लगाया कि क्रूज संचालक ने यात्रियों की सुरक्षा से ज्यादा पैसे कमाने को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के तीन सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक की मौत हो गई और दो अब भी लापता हैं।

कोरी ने कहा, ‘‘किनारे पर मौजूद स्थानीय लोग चिल्लाकर और इशारे करके चालक को नाव सुरक्षित दिशा में ले जाने के लिए कह रहे थे, लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी। वह अनुभवहीन लग रहा था। अगर समय रहते नाव मोड़ दी जाती तो यह हादसा टल सकता था।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements