इंदौर, 20 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के इंदौर में भीषण गर्मी के बीच कार में बंद होने के बाद दम घुटने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जूनी इंदौर थानाक्षेत्र में हुई इस घटना में मृत बच्ची की पहचान चार साल की हाजरा के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविवार को जब बच्ची कार में थी, तब इस वाहन का ताला लग गया और वह अंदर फंस गई। उन्होंने बताया कि कुछ घंटे बाद परिजनों ने जब बच्ची को तलाशा, तो वह कार में बेसुध मिली और अस्पताल ले जाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है, लेकिन पहली नजर में लगता है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई।
जूनी इंदौर के थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बच्ची की मौत के मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा,‘‘बच्ची की मौत का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

