इंदौर, 22 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के भिंड में दो साल पुराने हत्याकांड का बदला लेने के लिए मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने इंदौर में 35 वर्षीय भवन निर्माण ठेकेदार की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
दो मोटरसाइकिल से पहुंचे थे पांच हमलावर
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर बृहस्पतिवार देर रात अवितेंद्र उर्फ अभि तोमर (35) पर उस समय गोलियां बरसाई गईं, जब वह अपनी कार में दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। उन्होंने बताया कि पांच हमलावर दो मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और गोलियां लगने से तोमर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुरानी रंजिश के चलते हुई हत्या
सिंह के मुताबिक, तोमर मूल रूप से भिंड का रहने वाला था और उसने तीन-चार महीने पहले इंदौर आकर भवन निर्माण ठेकेदार के तौर पर काम शुरू किया था। सिंह ने बताया, ‘‘वर्ष 2024 के दौरान भिंड में गुलशन यादव के छोटे भाई विष्णु यादव की हत्या के आरोप में तोमर के भाई और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पहली नजर में लगता है कि गुलशन यादव ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए तोमर की हत्या की है।’’
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के अनुसार, हमलावर वारदात से एक दिन पहले ही भिंड से इंदौर पहुंचे थे और तोमर पर नजर रख रहे थे। उन्होंने बताया कि मौका मिलते ही आरोपियों ने भवन निर्माण ठेकेदार पर गोलीबारी कर दी।
तीन आरोपियों की पहचान:
- गुलशन यादव
- गौरव
- डेलू लारिया
सिंह ने बताया कि फरार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के चार दल गठित किए गए हैं और उनकी तलाश जारी है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

