भोजशाला में महाआरती आज, मुस्लिम समाज घरों में पढ़ेगा नमाज; शहर में हाई अलर्ट

भोजशाला में महाआरती आज, मुस्लिम समाज घरों में पढ़ेगा नमाज; शहर में हाई अलर्ट
Share this news

धार (मध्यप्रदेश), 22 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के धार में भोजशाला को लेकर इंदौर उच्च न्यायालय के फैसले के बाद शुक्रवार को पहली बार हिंदू समाज की ओर से भोजशाला में महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जबकि मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण विरोध स्वरूप घरों में नमाज अदा करने का फैसला किया है। शहर में एहतियात के तौर पर उच्च सतर्कता बरती जा रही है।

23 साल में पहली बार भोजशाला में नहीं होगी जुमे की नमाज

पिछले 23 साल में यह पहला अवसर है जब शुक्रवार के दिन भोजशाला परिसर में नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। आज सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजशाला पहुंच रहे हैं। दोपहर एक बजे आयोजित महाआरती में भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

नमाज विवाद पर मुस्लिम समाज का शांतिपूर्ण विरोध

इस बीच, भोजशाला में नमाज को लेकर जारी विवाद के बीच मुस्लिम समाज ने भी शांतिपूर्ण विरोध का ऐलान किया है। मुस्लिम समाज के सदर अब्दुल समद ने कहा कि समाज के लोग संविधान और कानून के दायरे में रहकर अपने घरों के आंगन में नमाज अदा करेंगे। उन्होंने कहा कि विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधी जाएगी तथा बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे।

समद ने कहा कि मुस्लिम समाज किसी सार्वजनिक स्थान पर नमाज नहीं पढ़ेगा और किसी की आस्था को ठेस पहुंचाने का प्रयास नहीं करेगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा हाल में उठाए गए कदमों का स्वागत करते हुए सभी समुदायों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

कानून-व्यवस्था के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा ने बताया कि गर्भगृह के आसपास रंगोली सजाई गई है और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में दर्शन और पूजन कर रहे हैं। उधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भोजशाला सहित पूरे शहर में दो हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को शहर के मुख्य मार्गों में फ़्लैग मार्च निकाला।

सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर

धार के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि शहर में शांति का माहौल है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements