त्विषा शर्मा मामला : मप्र पुलिस की जांच हुई तेज, गिरिबाला और समर्थ से पूछताछ

त्विषा शर्मा मामला : मप्र पुलिस की जांच हुई तेज, गिरिबाला और समर्थ से पूछताछ
Share this news

भोपाल, 25 मई 2026 (भाषा)

मॉडल से अभिनेत्री बनीं त्विषा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने अग्रिम जमानत पर चल रही सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके गिरफ्तार बेटे समर्थ सिंह से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच ऐसे समय में शुरू की है जब मध्यप्रदेश सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की है। त्विषा शर्मा की मौत का यह प्रकरण पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में है।

12 मई की रात की घटना

मूल रूप से नोएडा की रहने वाली त्विषा शर्मा 12 मई की रात अपने ससुराल में फांसी पर लटकी पाई गई थीं। उसके परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है जबकि आरोपियों ने इससे इनकार किया है।

जांच जारी, अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर ‘पीटीआई-भाषा’ कहा कि जांचकर्ता आरोपियों से अलग से पूछताछ कर रहे हैं और उनके बयानों का मिलान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने गिरिबाला सिंह से पूछताछ की है। इस प्रक्रिया में समय लगता है। पुलिस हिरासत में उसके बेटे समर्थ सिंह से भी पूछताछ की जा रही है। एक आरोपी द्वारा दी गई जानकारी की दूसरे के साथ पुष्टि की जा रही है।” उन्होंने कहा कि जांच जारी है और कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है।

त्विषा के प्रेग्नेंट होने के बाद रिश्तों में आ गई थी खटास : समर्थ सिंह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस हिरासत में समर्थ सिंह ने जांचकर्ताओं को बताया है कि त्विषा के गर्भवती होने के बाद उनके संबंधों में खटास आ गई थी। उन्होंने कहा, “अभी तक मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन जांच जारी है। इस स्तर पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।”

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements