“दहेज उत्पीड़न” मामला : त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया

“दहेज उत्पीड़न” मामला : त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया
Share this news

भोपाल, 25 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न के कारण जान गंवाने वाली नोएडा की निवासी मॉडल एवं अभिनेत्री त्विषा शर्मा का रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके भाई हर्षित शर्मा ने चिता को मुखाग्नि दी। इसके साथ ही परिवार की 12 दिन लंबी पीड़ा भरी प्रतीक्षा समाप्त हुई, हालांकि न्याय की उनकी लड़ाई अब भी जारी है।

मुखाग्नि देते ही बिलख पड़ा परिवार

चिता को मुखाग्नि दिए जाते ही परिवार के सदस्य फूट-फूटकर रोने लगे। त्विषा के पिता नवनीधि शर्मा ने बेटी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, ‘‘वह मां की तरह हमारी देखभाल करती थी। उसके बिना कैसे जी पाएंगे, पता नहीं। यह मामला आने वाले समय में एक उदाहरण बनेगा। उच्चतम न्यायालय द्वारा स्वत: संज्ञान लिए जाने से न्याय की उम्मीद जगी है।’’

न्याय के इंतजार में टूटी परंपरा

अंतिम संस्कार से कुछ घंटे पहले जारी बयान में नोएडा के निवासी शर्मा परिवार ने कहा कि लंबे इंतजार के कारण उन्हें हिंदू परंपराओं का उल्लंघन करना पड़ा, जिनके अनुसार मृत्यु के बाद की रस्में सामान्यत: 13 दिन में पूरी की जाती हैं। परिवार ने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी युवा बेटी के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देना सबसे बड़ा दुख होता है और उन्हें अंतिम संस्कार के लिए कई दिन तक इंतजार करना पड़ा।

मां हुई बेसुध, भाई ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार के दौरान त्विषा की मां रेखा शर्मा बेसुध होने की स्थिति में पहुंच गईं। वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें पास के लॉन में ले जाकर चेहरे पर पानी छिड़का। त्विषा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि वह भावुक, स्नेही और देखभाल करने वाली थीं। उन्होंने त्विषा की तुलना सुबह की पहली किरण से की, जो पूरे दिन को रोशन कर देती है।

हम आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ेंगे : मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव

‘वर्दी फाउंडेशन’ के संस्थापक सेवानिवृत्त मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने कहा कि वे त्विषा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए अंत तक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हम आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ेंगे।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements