होटल में महीना भर रुके चीनी नागरिक, सूचना नहीं देने को लेकर संचालक पर मामला दर्ज

होटल में महीना भर रुके चीनी नागरिक, सूचना नहीं देने को लेकर संचालक पर मामला दर्ज
Share this news

रतलाम, 02 जून 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के रतलाम शहर के एक होटल में चार चीनी नागरिकों के महीना भर ठहरने की जानकारी कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं कराने के आरोप में होटल संचालक और प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कारोबारी वीजा पर आए थे भारत

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अजय सारवान ने बताया कि शहर के एक होटल में 17 दिसंबर 2025 से इस साल 20 जनवरी के बीच चीन के चार नागरिक ठहरे थे। उन्होंने बताया कि ये विदेशी नागरिक कारोबारी वीजा पर भारत आए थे और मशीनरी से जुड़े कार्य के सिलसिले में रतलाम में रुके थे।

होटल ने नहीं दी सूचना, न पोर्टल पर दर्ज किया

सारवान ने बताया कि जांच में पाया गया कि होटल प्रबंधन ने इन विदेशी नागरिकों के ठहरने की जानकारी नियमानुसार ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज नहीं की और न ही स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि वीजा के रिकॉर्ड के आधार पर मिली सूचना के बाद रतलाम पुलिस ने मामले की जांच की और इसमें विदेशी नागरिकों के होटल में ठहरने की पुष्टि होने पर कानूनी कार्रवाई की गई।

सीएसपी के मुताबिक, होटल संचालक सुभाष अग्रवाल और होटल प्रबंधक शिव सिंह राठौर के खिलाफ आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम 2025 के संबद्ध प्रावधानों के तहत सोमवार रात मामला दर्ज किया गया।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements