दिल्ली : मालवीय नगर में रेस्तरां में आग लगने से 21 लोगों की मौत

दिल्ली : मालवीय नगर में रेस्तरां में आग लगने से 21 लोगों की मौत
Share this news

नयी दिल्ली, 03 जून 2026 (भाषा)

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई।

फायर ब्रिगेड मौके पर, राहत कार्य जारी

डीएफएस के अनुसार, आज सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर स्थित ‘फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) होटल’ में आग लगने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकालने तथा राहत कार्य शुरू किया।

40 से अधिक लोगों निकाला बाहर

डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है। पुलिस, दमकल सेवाओं और अन्य आपातकालीन टीमों के समन्वित प्रयासों से 40 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।

हादसे में 21 लोगों की मौत

अधिकारियों ने अत्यंत दुख के साथ बताया कि इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव और तलाश अभियान अभी भी जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें अधिकतर लोग मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी हैं।

कैसे हुआ यह भयावह हादसा ?

अधिकारियों के अनुसार, पहले यह जानकारी दी गई थी कि आग सुबह करीब 8.45 बजे लेमन ग्रीन रेस्तरां में लगी थी। हालांकि बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि आग वास्तव में मालवीय नगर के भीड़भाड़ वाले हौज रानी क्षेत्र स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ गेस्ट हाउस में लगी।

उन्होंने कहा कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया घटना पर शोक व्यक्त

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के मालवीय नगर में हुई आग की घटना में लोगों की मौत पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली के मालवीय नगर में आग की घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।”

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements