नोएडा की आवासीय इमारत में लगी आग, मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए

नोएडा की आवासीय इमारत में लगी आग, मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए
Share this news

नोएडा (उप्र), 05 जून 2026 (भाषा)

नोएडा के सेक्टर-75 में स्थित एक आवासीय सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार सुबह भयंकर आग लग गई, जिसके बाद एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। इसमें कहा गया है, ‘‘उन्होंने (योगी आदित्यनाथ ने) अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और यदि कोई घायल हो तो उसे उचित चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।’’

एयर कंडीशनर में विस्फोट से लगी आग

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि यह घटना सेक्टर-75 में स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी में सुबह आठ बजे के आसपास लगी। उन्होंने बताया कि आग फ्लैट में एयर कंडीशनर में हुए विस्फोट की वजह से लगी। इस 28 मंजिला इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट से आग की लपटें उठीं और आग तेजी से फैल गई, जिससे घना काला धुआं उठा जो आसपास के इलाकों से दिखाई दे रहा था।

सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित निकले सभी लोग

एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आग लगने पर निवासी सीढ़ियों के रास्ते इमारत से बाहर निकले। पुलिस ने बताया कि पूरी इमारत खाली करा ली गई और आसपास के फ्लैटों में रहने वालों को भी एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements