पन्ना, 08 जून 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में रविवार को एक बोलेरो (एसयूवी) और लोहे के सरिया से लदे एक टेम्पो के बीच टक्कर से चपेट में आए मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद चालकों की हालत गंभीर
बृजपुर थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतकों की पहचान राकेश पटेल (40) व अमरनाथ पटेल (27) के रूप में हुई है और दोनों जिले के ग्राम किटहा के निवासी थे। उन्होंने बताया कि हादसे में बोलेरो और ऑटो चालकों को गंभीर चोटें आई हैं तथा उन्हें इलाज के लिए पन्ना जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बोलेरो चालक की लापरवाही सामने आ रही है।
कैसे हुआ यह हादसा
पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ, जब गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से बचने के प्रयास में बोलेरो और टेम्पो के चालकों ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भयावह थी कि एसयूवी से टकराने के बाद मोटरसाइकिल लोहे की छड़ों से लदे टेम्पो से भिड़ गई और उस पर सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद टेम्पो चालक करीब आधे घंटे तक मलबे और लोहे के सरियों के बीच गाड़ी में ही फंसा रहा, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

