मुंबई, 24 जून 2026 (भाषा)
अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि लोगों को हंसाना हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन सोशल मीडिया के इस दौर में यह काम और कठिन हो गया है, क्योंकि आज हर कोई मजेदार रील्स, मीम्स और स्टैंड-अप प्रस्तुतियों से रूबरू हो रहा है।
वेलकम टू द जंगल
फिल्म ‘भूत बंगला’ के बाद अक्षय अब कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज की तैयारी में हैं। यह फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा है और शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
कॉमेडी अब कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण
अक्षय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “यह अब कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। आज हर जगह रील्स, मीम्स और कॉमेडी सामग्री मौजूद है। लेकिन कॉमेडी एक बड़ी नदी की तरह है, जो कभी नहीं सूखती। कॉमेडी के कई रूप हैं—फिजिकल कॉमेडी, परिस्थितिजन्य कॉमेडी, स्लैपस्टिक कॉमेडी और डार्क ह्यूमर।” अभिनेता (58) ने कहा कि आज फिल्मों के अलावा भी लोगों के पास मनोरंजन के कई अन्य साधन उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा, “लोगों को हंसाने के अनगिनत तरीके हैं। अगर आप इंस्टाग्राम खोलें, तो आपको अंतहीन मीम्स और मजेदार वीडियो मिल जाएंगे। लोग हर दिन कॉमेडी देखते हैं। कई कॉमेडी शो हैं और कई प्रतिभाशाली स्टैंड-अप कॉमेडियन नया कंटेंट तैयार कर रहे हैं। लेकिन लोगों को हंसाना आज भी सबसे कठिन कामों में से एक है। लोग अक्सर कॉमेडी को कम आंकते हैं। मैं स्टैंड-अप कॉमेडियन का बहुत सम्मान करता हूं। अकेले मंच पर खड़े होकर दर्शकों को हंसाना बेहद मुश्किल काम है।”
गैंगस्टर के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है कहानी
फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की कहानी गैंगस्टर, अपराधियों और अजीबोगरीब किरदारों के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी राहें सीमा क्षेत्र के एक जंगल में आपस में टकराती हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ 30 से अधिक प्रमुख कलाकार काम करते नजर आएंगे। कलाकारों में सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, लारा दत्ता समेत कई अभिनेता और अभिनेत्रियां शामिल हैं।
फिल्म और मनोरंजन से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

