दिल्ली : जनकपुरी में इलेक्ट्रॉनिक सामान के बहुमंजिला शोरूम में आग लगी; लाखों का सामान जलकर खाक हुआ

दिल्ली : जनकपुरी में इलेक्ट्रॉनिक सामान के बहुमंजिला शोरूम में आग लगी; लाखों का सामान जलकर खाक हुआ
Share this news

नयी दिल्ली, 01 जुलाई (भाषा)

दिल्ली के जनकपुरी स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के एक बहुमंजिला शोरूम में आग लग गई और लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।

आसमान में नजर आया घना काला धुआं

दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तम नगर-नजफगढ़ रोड पर स्थित विजय सेल्स के शोरूम में तड़के 4.15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में बहुमंजिला इमारत से उठतीं आग की लपटें और आसमान में घना काला धुआं नजर आ रहा है, जिसे काफी दूर से भी देखा जा सकता था।

आग पर पा लिया गया काबू

पुलिस ने बताया कि आग पास के बाटा शोरूम तक भी फैल गई जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित किया और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए। डीएफएस अधिकारी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने शुरू में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजीं लेकिन जैसे ही आग ने भीषण रूप लिया तो दमकल की और गाड़ियां सेवा में लगाई गईं। आग पर सुबह करीब 6:30 बजे काबू पा लिया गया।

आग बुझने के बाद भी दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों पर तेज दबाव वाले पानी की बौछारें करते देखा गया ताकि आग को पूरी तरह से बुझाया जा सके तथा उसे और फैलने से रोका जा सके। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर शीतलन अभियान जारी है।

लाखों का सामान जलकर खाक

आग ने इमारत के भूतल, प्रथम तल और तीन ऊपरी मंजिलों में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और अन्य चीजों को अपनी चपेट में ले लिया। यह इमारत करीब 350 वर्ग गज में फैली है। डीएफएस अधिकारी ने कहा, ‘‘नुकसान के स्तर का आकलन किया जा रहा है लेकिन माना जा रहा है कि आग में लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है।’’ उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements