इंदौर (मप्र), 05 अगस्त 2026 (भाषा)
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संचालित सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सीमा शुल्क विभाग के एक कार्यकारी सहायक और एक निजी एयरलाइन के कर्मचारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
1.44 करोड़ रुपये का 1.02 किग्रा सोना जब्त
डीआरआई की बुधवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.44 करोड़ रुपये मूल्य का 1.02 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है। डीआरआई ने खुफिया सूचना के आधार पर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।
एयरोब्रिज पर ही कर्मचारी को सौंप दिया जाता था सोना
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘गिरोह का सोना तस्करी का तरीका अलग था। अबू धाबी से सोना लेकर आने वाले यात्री विमान से उतरने के बाद सीमा शुल्क के आगमन क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले एयरोब्रिज पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक कर्मचारी को तस्करी का सोना सौंप देते थे। इसके बाद यह कर्मचारी आव्रजन और सीमा शुल्क जांच से बचते हुए सोना बाहर ले जाता था और इसे गिरोह के सदस्यों को सौंप देता था।’’
यात्री और एअर इंडिया एक्सप्रेस का कर्मचारी हिरासत में
खुफिया सूचना के आधार पर तीन अगस्त को डीआरआई अधिकारियों ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। विज्ञप्ति में बताया गया है कि डीआरआई अधिकारियों ने अबू धाबी से सोना लेकर आने वाले यात्री की पहचान करके उसे भी पकड़ लिया। इसके साथ ही, तस्करी में सक्रिय रूप से मदद करने वाले एअर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारी को भी हिरासत में ले लिया गया।
तस्करी में कस्टम्स का असिस्टेंट भी शामिल
डीआरआई की पूछताछ में यह भी सामने आया कि सीमा शुल्क विभाग का एक कार्यकारी सहायक भी इस गिरोह को विदेशी सोना भारत में तस्करी के जरिये लाने में मदद कर रहा था। विज्ञप्ति के मुताबिक, 24 कैरेट सोने के दो कंगन के रूप में कुल 1.02 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 1.44 करोड़ रुपये है।
कटनी जंक्शन पर भी DRI का छापा
इस बीच, डीआरआई ने राज्य में एक अन्य कार्रवाई में कटनी जंक्शन स्थित रेलवे स्टेशन पर दो लोगों को पकड़कर उनके कब्जे से 748.10 ग्राम विदेशी सोने की ईंट बरामद की है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

