भिंड (मप्र), 18 अगस्त 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात को एक पिकअप वाहन के ट्रक से टकरा जाने से आठ मजदूरों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गए।
धान रोपाई कर लौट रहे थे मजदूर
यह हादसा भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिमका गांव के पास देर रात करीब एक बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि मजदूर ग्वालियर में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे।
मवेशी को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, राजमार्ग पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश में मजदूरों के वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे डंपर ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई मजदूर उसमें फंस गए।
8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 32 घायल
यादव ने बताया कि आठ मजदूरों की मौत हुई है। इनमें से पांच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे में 32 अन्य मजदूर घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल गोहद के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

