सागर (मध्यप्रदेश), 18 अगस्त 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सागर जिले में सोशल मीडिया पर पिस्तौल लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले दो भाइयों का पता लगाने के दौरान पुलिस ने उनमें से एक के घर की बंद अलमारी से तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की।हालांकि, रविवार को हुई पुलिस जांच में आरोपी के घर से कोई पिस्तौल बरामद नहीं हुई।
पिस्तौल वाली रील से मिला सुराग
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने सोमवार को बताया कि सौरभ अहिरवार और उसके भाई ने कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए थे। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। उन्होंने बताया कि जब पुलिस की एक टीम पिस्तौल बरामद करने के लिए अहिरवार के घर पहुंची तो उन्होंने एक बंद अलमारी देखी। उन्होंने कहा, ‘‘जब पुलिस टीम ने उन्हें अलमारी खोलने के लिए कहा तो उसने आनाकानी की और कहा कि उनके पास चाबी नहीं है।’’

ताला तोड़ते ही निकली नोटों की गड्डियां
सुजानिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस ने अलमारी का ताला तोड़ दिया, जिसके बाद एक बैग में तीन करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी बरामद हुई।’’ अहिरवार का भाई ऑटो रिक्शा चलाता है। दोनों भाइयों का दावा है कि यह रुपया एक रिश्तेदार ने रखा था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों ने दावा किया कि रिश्तेदार ने करीब आठ-नौ साल पहले अलमारी में नकदी रखी थी। उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच की जा रही है।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

