डीसीपी कार्यालय पर राहुल का धरना, ‘पैलेट गन से घायल’ युवक के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

डीसीपी कार्यालय पर राहुल का धरना, ‘पैलेट गन से घायल’ युवक के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
Share this news

नयी दिल्ली, 21 अगस्त 2026 (भाषा)

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, 20 जुलाई को छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के छर्रों से घायल हुए युवक के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए शुक्रवार को संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

संसद मार्ग थाने पहुंचे राहुल गांधी

राहुल गांधी 19 वर्षीय साहिल लोचब, उनके परिवार और वकीलों के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे और वहां पुलिस उपायुक्त कार्यालय में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। सूत्रों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज किए जाने तक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष वहां से नहीं जाएंगे।

कार्रवाई न करने और पावती न देने का आरोप

कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, बीते 14 अगस्त को साहिल लोचब अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस के पास गए और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने उन्हें आईओ (जांच अधिकारी) का नंबर देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया, ‘‘17 तारीख को ईमेल और फोन के माध्यम से भी इस मामले को फिर उठाया गया। इसके बावजूद आईओ का नंबर नहीं दिया गया और शिकायत की कोई पावती भी नहीं दी गई।’’

राहुल गांधी का दिल्ली पुलिस पर आरोप

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीड़ित के साथ दिल्ली पुलिस के पास गए और आईओ का नंबर दिए जाने की मांग पर जोर दिया। लेकिन डीसीपी ने जांच अधिकारी का नंबर उपलब्ध नहीं कराया। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक संज्ञेय अपराध है, इसलिए प्राथमिकी भी दर्ज की जानी चाहिए, लेकिन दिल्ली पुलिस ऐसा नहीं कर रही है।’’

छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का आरोप

लोचब और उनके परिवार का आरोप है कि दिल्ली में छात्रों के संसद मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई में पैलेट गन के छर्रों से लोचब घायल हो गए थे। राहुल गांधी ने जुलाई में एक संवाददाता सम्मेलन में लोचब को मीडिया के सामने पेश किया था। लोचब की दाईं आंख में गंभीर चोट आई थी और दावा किया गया था कि आंख की रोशनी भी जा सकती है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements