भारतीय कैप्टन ने टाली बड़ी त्रासदी, विमान गिराने की कोशिश किया नाकाम, यात्री तेल अवीव लौटे : मीडिया

भारतीय कैप्टन ने टाली बड़ी त्रासदी, विमान गिराने की कोशिश किया नाकाम, यात्री तेल अवीव लौटे : मीडिया
Share this news

दुबई/यरुशलम, 01 अक्टूबर 2026 (भाषा)

फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान के भारतीय कैप्टन ने तब एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया जब वह विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहे सह-पायलट से भिड़ गया। इस घटना के चलते विमान को सऊदी अरब में आपात स्थिति में उतरना पड़ा। हालांकि इस घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गये।

सह-पायलट पर विमान गिराने की साज़िश का आरोप

समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इज़राइली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उस पर विमान को गिराने की कोशिश करने का संदेह था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने सह-पायलट से भिड़ गया और बाद में इज़राइली यात्रियों ने सह-पायलट को काबू करने में मदद की।

एक पायलट ने दूसरे पर चाकू से किया हमला

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू घोंप दिया और ऐसा लगता है कि उसने (हमलावर पायलट) ने यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की। नेतन्याहू ने कहा, ‘‘उड़ान के दौरान, जब वे इज़राइल की तरफ आ रहे थे, तो एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया और ज़ाहिर तौर पर यात्रियों को ले जा रहे विमान को गिराने की कोशिश की।’’

यात्रियों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा

उन्होंने बताया कि एक इज़राइली यात्री ने उन्हें जानकारी दी कि विमान घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा, जिसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने और उस पायलट को काबू करने में सफल रहे जिसने चाकू मारा था, और जो विमान की संचालन प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।

नेतन्याहू ने जान बचाने वाले नायकों को किया सलाम

नेतान्याहू के अनुसार, इसके बाद चालक दल का एक और सदस्य कॉकपिट में घुसा और उसने विमान को स्थिर करने में मदद की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जिंदगियां बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।’’ उन्होंने कहा कि विमान सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

आपातकालीन सिग्नल भेजने के बाद तबुक में सुरक्षित लैंडिंग

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने सऊदी अरब के तबुक की ओर मुड़ने से पहले आपातकालीन सिग्नल भेजे और तेज़ी से नीचे की ओर जाने लगी। तबुक हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि उड़ान के दौरान विमान में एक घटना हुई और यह तबुक में सुरक्षित रूप से उतर गया।

कॉकपिट के पास मची चीख-पुकार

ज़्विका मेनेस नाम के एक यात्री ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद करने का दावा किया। उसने इज़राइल के अख़बार ‘कैल्केलिस्ट’ को बताया कि उनके और दूसरों के दखल देने से पहले उनकी पत्नी ने कॉकपिट के पास चिल्लाने और चीखने की आवाज़ें सुनी थीं। वहीं, एक और यात्री डेलिया श्पिगेल ने इज़राइली अख़बार ‘हारेत्ज’ को बताया कि ‘‘तीन से पांच लोगों के कॉकपिट में घुसने’’ और हमलावर को काबू करने से पहले ‘‘पूरे विमान में ज़ोर-ज़ोर से चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें आ रही थीं।’’

उड़ान में सवार थे 27 बच्चों सहित 174 यात्री

वाईनेट के अनुसार, उड़ान में 27 बच्चों सहित 174 यात्री सवार थे। ‘बीबीसीवैरिफाई’ के उड़ान-ट्रैकिंग डेटा के विश्लेषण से पता चला कि विमान लगभग 34,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, फिर अचानक लगभग 17,000 फुट नीचे आ गया, 5,000 फुट ऊपर गया और फिर 7,000 फुट नीचे आकर लगभग 15,000 फुट की ऊंचाई पर स्थिर हो गया – और यह सब पांच मिनट से भी कम समय में हुआ।

विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements