महेंद्र देव ने प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के चेयरमैन का पदभार संभाला

Share this news

नयी दिल्ली (भाषा) इंदिरा गांधी विकास अनुसंधान संस्थान के पूर्व कुलपति एस महेंद्र देव ने प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के नए चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभाला है।

प्रख्यात अर्थशास्त्री देव ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी का स्थान लिया, जो ईएसी-पीएम का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

ईएसी-पीएम अपने पहले चेयरमैन बिबेक देबरॉय के निधन के बाद पिछले नवंबर से पूर्णकालिक चेयरमैन के बिना था।

मंत्रिमंडल सचिवालय द्वारा जारी एक आदेश में पहले कहा गया था कि प्रधानमंत्री ने दो साल के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पुनर्गठन को मंजूरी दे दी है।

तीन पूर्णकालिक सदस्यों – संजीव सान्याल, संजय कुमार मिश्रा और शमिका रवि को बरकरार रखा गया है, जबकि नए अंशकालिक सदस्यों में सौम्य कांति घोष (एसबीआई में समूह मुख्य आर्थिक सलाहकार) शामिल हैं।

अन्य अंशकालिक सदस्यों में राकेश मोहन, साजिद चेनॉय, नीलकंठ मिश्रा, नीलेश शाह, टीटी राम मोहन, केवी राजू, चेतन घाटे, पामी दुआ, पुलक घोष और गौरव वल्लभ शामिल हैं।

देव इससे पहले इकोनॉमिक एंड पॉलिटिकल वीकली (ईपीडब्ल्यू) के संपादक और एक्सिस बैंक के स्वतंत्र निदेशक के रूप में भी काम कर चुके हैं।

उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एमफिल और पीएचडी तथा येल यूनिवर्सिटी (अमेरिका) से पीएचडी के बाद शोध किया है।

उन्होंने विकास अर्थशास्त्र, व्यापक आर्थिक नीतियों, कृषि क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर 22 पुस्तकें और लगभग 150 शोध प्रकाशन लिखे और संपादित किए हैं।

About Post Author


Share this news
Advertisements