नयी दिल्ली, 12 मई 2026 (भाषा)
भारतीय चित्रकार अमृता शेरगिल के जीवन पर आधारित मीरा नायर की फिल्म ‘अमरी’ में अंजलि शिवरामन मुख्य भूमिका निभाएंगी। इस फिल्म में जयदीप अहलावत और प्रियंका चोपड़ा-जोनास भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
आधुनिक भारतीय कला की प्रवर्तक अमृता शेरगिल
आधुनिक भारतीय कला की प्रवर्तक मानी जाने वाली अमृता शेरगिल की जीवनी पर यह फिल्म मीरा नायर के लिए किसी सपने के साकार होने से कम नहीं। नायर को “सलाम बॉम्बे!”, “मानसून वेडिंग”, “द नेमसेक” और “ए सूटेबल बॉय” जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्मों के लिए जाना जाता है।
नायर ने साझा किए कलाकारों के नाम और फिल्म की पहली झलक
केरल में जन्मी अंजलि शिवरामन (31) को ‘क्लास’ और ‘बैड गर्ल’ जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के लिए पहचाना जाता है। नायर ने मंगलवार को फिल्म की पहली झलक (फर्स्ट लुक) जारी करने के साथ ही इसके कलाकारों के नाम भी साझा किए। फिल्म में एमिली वॉटसन अमृता की मां मैरी-एंटोनेट गोट्समैन की भूमिका निभाएंगी, जबकि जयदीप अहलावत उनके पिता उमराव सिंह शेरगिल के किरदार में दिखेंगे।
अन्य कलाकारों में
अन्य कलाकारों में विक्टर एगन के रूप में क्रिस्टियन साकवेरी, इंदिरा शेरगिल के रूप में अंजना वासन, कार्ल खंडालावाला के रूप में जिम सरभ और मैडम अज़ूरी के रूप में प्रियंका चोपड़ा-जोनास शामिल हैं। प्रियंका चोपड़ा-जोनास इस फिल्म की कार्यकारी निर्माता भी हैं। फिल्म की कहानी 20वीं सदी की शुरुआत में हंगरी, फ्रांस और भारत की पृष्ठभूमि के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो यूरोप और भारत के उन परिवेशों को दर्शाती है जिन्होंने अमृता की कलात्मक दृष्टि को आकार दिया।
फिल्म और मनोरंजन से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

