राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द की

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द की
Share this news

नयी दिल्ली, 12 मई 2026 (भाषा)

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट यूजी 2026’ को मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की और कहा कि यह परीक्षा अलग से अधिसूचित तिथियों पर पुनः आयोजित की जायेगी। उसने कहा कि परीक्षा से संबंधित अनियमितताओं के आरोपों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा विस्तृत जांच की जाएगी।

दोबारा नीट एग्जाम देंगे 22 लाख छात्र

उसने कहा, ‘‘केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एनटीए द्वारा तथ्यों को परखे जाने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जांच संबंधी जानकारी के आधार पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने तीन मई 2026 को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को भारत सरकार की मंजूरी से रद्द करने और परीक्षा को अलग से अधिसूचित तिथियों पर पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है।’’

नीट एग्जाम की नई डेट जल्द

उसने कहा, ‘‘पुनः होने वाली परीक्षा की तिथियां और उनके लिए जारी किये जाने वाले प्रवेश पत्र की समय-सारणी अगले कुछ दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित की जाएगी।’’

भुगतान की गई फीस होगी वापस

एनटीए के अनुसार, मई 2026 के सत्र में पंजीकृत उम्मीदवारों की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्रों को पुनः आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल किया जाएगा। बयान में कहा गया है, ‘‘नए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।’’ बयान के अनुसार विद्यार्थियों द्वारा पहले से भुगतान की गई फीस वापस कर दी जाएगी और परीक्षा एनटीए के आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके पुनः आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने कहा – सीबीआई को सौंपी गई जांच

एनटीए ने कहा कि सरकार ने परीक्षा से जुड़े आरोपों की व्यापक जांच के लिए मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंपने का फैसला किया है। उसने कहा, ‘‘एनटीए सीबीआई को पूरा सहयोग देगी और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता प्रदान करेगी।’’

जीपीएस-ट्रैकिंग वाले वाहनों में ले जाया गया था प्रश्न पत्रों को

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन एनटीए द्वारा तीन मई को स्नातक स्तर पर चिकित्सा शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए किया गया था। एनटीए ने रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था कि प्रश्न पत्रों को ‘जीपीएस-ट्रैकिंग’ वाले वाहनों में ले जाया गया था, जिन पर विशिष्ट, ‘ट्रेस’ करने योग्य ‘वॉटरमार्क’ लगे थे, जबकि परीक्षा केंद्रों की निगरानी एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से एआई-सहायता प्राप्त सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से की गई थी।

एनएसयूआई का प्रदर्शन

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर शास्त्री भवन के समीप कांग्रेस से संबद्ध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) ने प्रदर्शन किया ।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements