नयी दिल्ली, 02 अगस्त 2025 (भाषा)
साल 2023 के लिए शुक्रवार को घोषित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में हिंदी सिनेमा का दबदबा रहा। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने शुक्रवार को अपने करियर का पहला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। खान यह पुरस्कार अभिनेता विक्रांत मेसी के साथ संयुक्त रूप से साझा करेंगे। मेसी को ‘12वीं फेल’ में उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
शाहरुख खान को पहली बार मिला नेशनल अवॉर्ड
शाहरुख खान को फिल्म ‘जवान’ में दमदार अभिनय के लिए पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का नेशनल अवॉर्ड मिला । सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में शाहरुख ने आशुतोष गोवारिकर की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जूरी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। शाहरुख ने वीडियो में कहा, ‘‘बेशक, मैं कृतज्ञता, गर्व और विनम्रता से अभिभूत हूं। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होना एक ऐसा पल है जिसे मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा।’’
दाहिने हाथ पर ‘स्लिंग’ पहने अभिनेता ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय पुरस्कार सिर्फ उपलब्धि नहीं है। यह मुझे याद दिलाता है कि मैं जो करता हूं वह मायने रखता है। यह मुझे आगे बढ़ते रहने, कड़ी मेहनत करते रहने, सृजन करते रहने और सिनेमा की सेवा करते रहने के लिए प्रेरित करता है।
रानी मुखर्जी को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
वहीं, अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ में निभाए गए किरदार के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम किया। यह रानी के फिल्मी करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। उन्होंने इस पुरस्कार को अपने 30 साल के काम, कला के प्रति समर्पण और सिनेमा के प्रति जुनून को मिली मान्यता करार दिया।
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा : आशुतोष गोवारिकर
दिल्ली में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा जूरी प्रमुख और फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने की। उन्होंने बताया कि विधु विनोद चोपड़ा निर्देशित ‘12वीं फेल’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है, जबकि ‘द केरला स्टोरी’ के लिए सुदीप्तो सेन ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का अवॉर्ड हासिल किया है।
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को संपूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। वहीं, मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ‘सैम बहादुर’ को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया।
विक्रांत मैसी की साधारण कहानी में असाधारण परफॉर्मेंस
जूरी ने ‘12वीं फेल’ में विक्रांत के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म में एक गांव के लड़के की परिवर्तनकारी यात्रा को “स्वाभाविक ईमानदारी और भावनात्मक गहराई” के साथ दर्शाया गया है। वहीं, विक्रांत ने एक बयान में कहा कि यह उनके लिए एक सपने के साकार होने जैसा है। उन्होंने कहा, “मैं दर्शकों का हमेशा आभारी रहूंगा कि उन्होंने मेरे अभिनय को सराहा और इस फिल्म को इतना दिया। शाहरुख खान जैसे दिग्गज के साथ अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार साझा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”
‘द केरला स्टोरी’ को सर्वश्रेष्ठ छायांकन पुरस्कार प्राप्त
सुदीप्तो सेन निर्देशित ‘द केरला स्टोरी’ को सर्वश्रेष्ठ छायांकन का भी पुरस्कार हासिल हुआ। यह पूछे जाने पर कि ‘द केरल स्टोरी’ को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन के पुरस्कार के लिए क्यों चुना गया, “यह एक कठिन विषय है और जूरी के रूप में हमने महसूस किया कि इसे इतनी स्पष्टता के साथ पेश करने के लिए निर्देशक को सराहा जाना चाहिए।”
फिल्म और मनोरंजन से जुडी और खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें

