कर्नाटक के बीमार कांग्रेस विधायक को मुंबई पुलिस की सुरक्षा

PHOTO : SOCIAL MEDIA
Share this news

मुंबई, 19 जुलाई

मुंबई पुलिस ने कर्नाटक के कांग्रेस विधायक श्रीमंत पाटिल को शुक्रवार को सुरक्षा मुहैया कराई। एक अधिकारी ने बताया कि वह यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं और अपना बयान दर्ज करा रहे हैं।   

बेलगाम जिले के कागवाड़ से विधायक पाटिल बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे और सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।   

अधिकारी ने बताया कि उन्हें पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दक्षिणी मुंबई के सरकारी सेंट जॉर्ज अस्पताल भेज दिया गया।   उन्होंने कहा, हमने विधायक को सुरक्षा मुहैया कराई है और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है। 

 साथ ही बताया कि कर्नाटक पुलिस की एक टीम भी अस्पताल पहुंची है।   पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा था, मैं कुछ निजी काम से चेन्नई गया था और वहां मुझे सीने में दर्द हुआ इसलिए मैं एक अस्पताल गया और चिकित्सीय सलाह पर मैं मुंबई आया और यहां भर्ती हुआ। 

 कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि कर्नाटक में सरकार गिराने के प्रयासों के तहत पाटिल को अगवा कर लिया गया।   

कांग्रेस नेता एवं कर्नाटक के मंत्री डी के शिवकुमार ने कहा था कि वह यह दिखाने के लिए दस्तावेज पेश करेंगे कि विधानसभा में विश्वासमत के दौरान मौजूद रहने से बचने के लिए पाटिल को जबरन अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

 कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी को सदन में अपना बहुमत साबित करने के लिए शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे तक का समय दिया है। 

 सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस और जद (एस) के 15 बागी विधायक मुंबई के एक आलीशान होटल में ठहरे हुए हैं।

About Post Author


Share this news
Advertisements