हवाईअड्डे पर करीब तीन करोड़ रुपए का सोना जब्त, दो लोग गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर
Share this news

राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तकरीबन तीन करोड़ रुपए की नौ किलोग्राम से अधिक की सोने की छड़ों की तस्करी करने के आरोप में दो भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों थाईलैंड से यहां लौटे थे।

सीमा शुल्क अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों व्यक्ति बैंकॉक से बुधवार को आईजीआई हवाईअड्डे के टर्मिनल-तीन पर पहुंचे जहां सीमा शुल्क अधिकारियों ने उन्हें रोका।  

अधिकारियों ने बताया कि जब उनकी तथा उनके सामान की जांच की गई तो उसमें लाल रंग की टेप में लपेटी गई 9,152 ग्राम वजन की सोने की 12 छड़ें मिली और 265 ग्राम की सोने की छड़ों के चार छोटे टुकड़े पाए गए। इन्हें चेक-इन-सामान में छिपाया गया था। 

उन्होंने बताया कि बरामद किए गए 9,417 ग्राम सोने की कीमत 2,93,44,555 रुपए है। सोना जब्त कर लिया गया है और दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।  उन्होंने बताया कि दोनों ने जनवरी 2018 से जुलाई 2019 के बीच करीब 16.80 करोड़ रुपए के 60 किलोग्राम सोने की तस्करी करने की बात स्वीकार कर ली। 

 अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद उत्तर, मध्य और दक्षिण दिल्ली में चार परिसरों पर छापे मारे गए। (भाषा)

About Post Author


Share this news
Advertisements