बिहार में राजग की भारी जीत को लेकर भाजपा आश्वस्त, कहा- ‘एकतरफा लहर थी’

बिहार में राजग की भारी जीत को लेकर भाजपा आश्वस्त, कहा- ‘एकतरफा लहर थी’
Share this news

नयी दिल्ली, 12 नवंबर 2025 (भाषा)

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘भारी बहुमत’ से जीत को लेकर विश्वास जताया, साथ ही जोर देकर कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन के पक्ष में मतदाताओं के बीच ‘एकतरफा लहर’ थी।

एग्जिट पोल ने की राजग की बड़ी जीत की भविष्यवाणी

बिहार में दो चरणों का मतदान मंगलवार शाम को समाप्त होने के बाद ‘एग्जिट पोल’ ने राजग की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है, जबकि महागठबंधन दूसरे स्थान पर बताया जा रहा है। इसमें पहली बार चुनाव लड़ रही प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ के निराशाजनक प्रदर्शन की संभावना व्यक्त की गई है। ‘एग्जिट पोल’ के मुताबिक, जन सुराज पार्टी को 243 सदस्यीय विधानसभा में से 0-5 सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है।

राजग पुनः सत्ता में लौटेगा : धर्मेंद्र प्रधान

भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राज्य में हुए मतदान को लेकर विश्वास जताया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पुनः सत्ता में लौटेगा। प्रधान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इस चुनाव में बिहार के मतदाताओं ने अभूतपूर्व उत्साह का प्रदर्शन किया है। इसका प्रमाण ऐतिहासिक रूप से दर्ज मतदान प्रतिशत है। यह बिहार की जनता की अपनी लोकतांत्रिक चेतना में अटूट आस्था का भी परिचायक है।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जिस प्रकार माताओं, बहनों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों ने इस चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लिया है, उससे यह स्पष्ट है कि बिहार एक बार फिर विकास, सुशासन, स्थिरता, शांति और समृद्धि की निरंतरता के लिए राजग को चुनने जा रहा है।”

राजग भारी बहुमत से चुनाव जीतेगा : शाहनवाज़ हुसैन

‘एग्जिट पोल’ के बारे में टिप्पणी करने के लिए कहे जाने पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘कोई भी पोल कुछ भी कहे… भाजपा-नीत राजग कम से कम 160 सीट के साथ चुनाव जीतने जा रहा है। (राजग के पक्ष में) एकतरफा लहर थी।’’ उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने राजग को वोट दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘हमें पूरी उम्मीद है कि भाजपा-नीत राजग भारी बहुमत से चुनाव जीतेगा और एक बार फिर सरकार बनाएगा।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements