नयी दिल्ली, 12 अगस्त 2025 (भाषा)
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को कहा कि शहर के सभी आवारा कुत्तों को कुछ ही हफ्तों में आश्रय स्थलों में भेजने का कदम उनके साथ ‘‘बेहद अमानवीय’’ व्यवहार होगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि कुत्ते सबसे सुंदर और सौम्य प्राणी हैं तथा वे इस तरह ‘क्रूर बर्ताव’के हकदार नहीं हैं।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शहर के सभी आवारा कुत्तों को कुछ ही हफ्तों में आश्रय स्थलों पर भेजना उनके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार होगा। उन्हें रखने के लिए पर्याप्त आश्रय स्थल भी मौजूद नहीं हैं।’’
वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका ने कहा, ‘‘स्थिति को संभालने का निश्चित रूप से एक बेहतर तरीका है। कोई ऐसा मानवीय तरीका खोजा जा सकता है, जिसमें इन निर्दोष जानवरों की देखभाल की जा सके और उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

