दिल्ली में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा मामले में प्राथमिकी दर्ज, पांच हिरासत में

दिल्ली में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा मामले में प्राथमिकी दर्ज, पांच हिरासत में
Share this news

नयी दिल्ली, 07 जनवरी 2026 (भाषा)

दिल्ली के रामलीला मैदान इलाके में सैयद फैज इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान हुई हिंसा के संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

लोगों ने किया पुलिसकर्मियों पर पथराव, पांच पुलिसकर्मी घायल

अदालत के आदेशानुसार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), मस्जिद और पास के कब्रिस्तान से सटी जमीन पर अतिक्रमण रोधी अभियान संचालित कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और कांच की बोतलें फेंकीं, जिससे कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को तितर-बितर करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए।

पांच लोगों को लिया हिरासत में

पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को पूछताछ के लिए और सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हिंसा अचानक हुई थी या यह विध्वंस अभियान को बाधित करने का पूर्व नियोजित प्रयास था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो क्लिप का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके अलावा गवाहों और हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

मस्जिद को नहीं पहुंचा कोई नुकसान

इस बीच, एमसीडी के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विध्वंस अभियान के दौरान सैयद फैज इलाही मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। नगर निगम ने कहा कि यह अभियान दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में चलाया गया था।

30 बुलडोजर और 50 डंपर किए गए थे तैनात

इस अभियान के तहत अतिक्रमण और फिर मलबे को हटाने के लिए लगभग 30 बुलडोजर और 50 डंपर तैनात किए गए थे।एमसीडी के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान रात भर जारी रहा और इसमें 300 से अधिक एमसीडी कर्मचारी और अधिकारी शामिल थे।

अतिक्रमण रोधी अभियान के परिणामस्वरूप एक बड़े क्षेत्र को खाली कराया गया, इन स्थानों में ऐसी संरचनाएं बनी थी जिन्हें अदालत ने अवैध घोषित किया था। पुलिस ने कहा कि इलाके में कानून-व्यवस्था बरकरार है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हालात नियंत्रण में हैं और सामान्य स्थिति बहाल हो गई है।” हिंसा में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements