नयी दिल्ली, 12 अगस्त 2026 (भाषा)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि विपक्षी दल छात्रों से जुड़े विषय पर चर्चा के लिए तैयार हो जाएं तो वह हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं ताकि देश की जनता के सामने सब ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ हो जाए’ क्योंकि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।
विपक्ष चर्चा होने ही नहीं देना चाहता – अमित शाह
बीते 20 जुलाई को आरंभ हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों में जारी गतिरोध के बीच शाह ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखा और आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा होने ही नहीं देना चाहता।
संसद चल ही नहीं रही, तो कोई जाकर क्या करेगा
शाह ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से वह नियमित रूप से संसद आ रहे हैं और अपने कक्ष में बैठते हैं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ “लापता, भाग गए, भगोड़े..” इस प्रकार की भाषा भारत के सार्वजनिक जीवन और संसदीय जीवन में अभी-अभी सुनाई पड़ी है। जब से संसद सत्र शुरू हुआ है, तब से लगातार मैं संसद में आता हूं, अपने कक्ष में बैठता हूं। चूंकि संसद भवन में विपक्ष दोनों सदनों में कार्यवाही चलने नहीं दे रहा है, तो कोई जाकर क्या करेगा?’’
मैं हर सवाल का जवाब देने को तैयार हूँ
गृह मंत्री ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार नीट से जुड़े विरोध-प्रदर्शनों के मुद्दे पर सभी प्रकार से चर्चा के लिए तैयार है, समय तय किया जाए और विपक्ष भी चर्चा के लिए तैयार हो जाए। उन्होंने कहा, ‘‘इनकी (विपक्ष) मांग शुरुआत से यही थी और हम उस पर सहमत हुए। मैंने अपनी ओर से कहा है कि मैं संसद में हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हूं, लेकिन ये चर्चा नहीं होने देना चाहते। अब जनता तय करे कि कौन भाग रहा है।’’
सरकार के पास छिपाने को कुछ नहीं
शाह ने कहा कि विपक्ष चर्चा कराने के लिए आज दोपहर दो बजे तक लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र दे दे और आज तीन बजे से कल तीन बजे तक सभी प्रकार की चर्चा हो जाए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं सदन में ही बैठूंगा, सबको सुनूंगा और सभी प्रकार के जवाब दूंगा, सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। मैं इस बात पर भी चर्चा करूंगा कि आपने (विपक्ष) चर्चा क्यों नहीं चाही।’’
देश की जनता के सामने सच आना चाहिए
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘मुझे (विपक्ष से) कोई कहता है कि आप एक बयान दे दो। इतने गंभीर मसले पर इस तरह से चर्चा नहीं हो सकती। आपकी पद्धति में यह होगा, लेकिन संसदीय पद्धति में यह नहीं है...आज तीन बजे से चर्चा हो… लोकसभा अध्यक्ष अनुमति दें तो हम तो प्रश्नकाल भी निलंबित करने के लिए तैयार हैं।’’ उनका कहना था, ‘‘मैं हर चीज का जवाब दूंगा ताकि देश की जनता के सामने दूध का दूध, पानी का पानी हो जाए।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

