भारत में कोविड-19 के सर्वाधिक 95,735 नए मामले आए सामने, 1,172 और लोगों की मौत

Share this news

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (भाषा) भारत में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 95,735 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़ कर बृहस्पतिवार को 44 लाख के पार हो गए। वहीं 1,172 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 75,062 हो गई।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार तक 34,71,783 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल 44,65,863 मामले सामने आ चुके हैं। उसके अनुसार मृत्यु दर गिर कर 1.68 प्रतिशत हो गई। मरीजों के ठीक होने की दर 77.74 प्रतिशत है।

आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 9,19,018 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 20.58 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 मरीजों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख के पार हो गई थी। यह 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख के पार पहुंच गई थी।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद आईसीएमआर के अनुसार देश में नौ सितम्बर तक कोविड-19 के लिए 5,29,34,433 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 11,29,756 नमूनों की जांच बुधवार को ही की गई।

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 1,172 लोगों की मौत हुई है, उनमें से सबसे अधिक 380 लोग महाराष्ट्र के थे। इसके अलावा कर्नाटक के 128, आंध्र प्रदेश के 74, पंजाब के 71, छत्तीसगढ़ के 70, तमिलनाडु तथा उत्तर प्रदेश के 65-65, पश्चिम बंगाल के 53 और मध्य प्रदेश के 31 लोग शामिल है।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार कुल 75,062 मौतों में से सर्वाधिक 27,787 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद तमिलनाडु में 8,090, कर्नाटक में 6,808, दिल्ली में 4,638, आंध्र प्रदेश में 4,634, उत्तर प्रदेश में 4,112, पश्चिम बंगाल में 3,730, गुजरात में 3,149, पंजाब में 2,061, मध्य प्रदेश में 1,640 , राजस्थान में 1,178 और तेलंगाना में 927 लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक मौतें अन्य गंभीर बीमारियों के चलते हुई है। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि उसके आंकड़ों का मिलान आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ किया जा रहा है।

About Post Author


Share this news
Advertisements