नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर 2025 (भाषा)
सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को कार्यवाही के दौरान एक वकील ने भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बी आर गवई की ओर कथित तौर पर जूता फेंकने की कोशिश की। यह घटना उस समय घटी जब प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ वकीलों द्वारा उल्लेख किए गए मामलों की सुनवाई कर रही थी।
मंच के पास पहुंचा वकील की जूता फेंकने की कोशिश
सुप्रीम कोर्ट वकील मंच के पास पहुंचा, अपना जूता निकाला और उसे सीजेआई की ओर फेंकने की कोशिश की। अदालत कक्ष में मौजूद सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और हमले को रोका। वकील को तुरंत अदालत परिसर से बाहर ले जाया गया। जब वकील को ले जाया जा रहा था, तो उसे चिल्लाते हुए सुना गया, ‘‘सनातन का अपमान नहीं सहेंगे’’।
ऐसी घटनाओं से नहीं पड़ता फर्क- सीजीआई
घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट के सीजीआई ने अपना संयम बनाए रखा और अदालत कक्ष में उपस्थित वकीलों से अपनी दलीलें जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘इन सब बातों से विचलित मत होइए। हम विचलित नहीं हैं। इन बातों का मुझ पर कोई असर नहीं पड़ता।’’
उच्चतम न्यायालय की सुरक्षा इकाई ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अभी यह पता नहीं चला है कि वकील ने इस हरकत को क्यों अंजाम दिया।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

