मदीना में बस दुर्घटना में कई भारतीयों के मारे जाने की आशंका

मदीना में बस दुर्घटना में कई भारतीयों के मारे जाने की आशंका
Share this news

नयी दिल्ली, 17 नवंबर 2025 (भाषा)

सऊदी अरब के मदीना में रविवार देर रात को हुई भीषण बस दुर्घटना में उमराह करने गए कई भारतीय श्रद्धालुओं के मारे जाने की आशंका है। इनमें से अधिकतर तेलंगाना से थे।

बस में सवार थे 40 यात्री

करीब 40 भारतीय बस में यात्रा कर रहे थे। बस देर रात करीब डेढ़ बजे (भारतीय समयानुसार) तेल के एक टैंकर से टकरा गई थी। जेद्दा स्थित भारतीय मिशन ने बताया कि उसने सहायता समन्वय के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

एस जयशंकर ने दुर्घटना पर जताया दुःख

रूस की यात्रा पर गए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ‘‘रियाद स्थित हमारा दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को पूरी सहायता प्रदान कर रहे हैं।’’ ‘‘शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’ जेद्दा स्थित भारतीय मिशन के अनुसार, बस उमराह करने गए भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी।

ए. रेवंत रेड्डी ने जताया शोक

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भी दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के कार्यालय ने कहा कि रेड्डी को प्रारंभिक जानकारी मिली कि दुर्घटना श्रद्धालुओं के मक्का से मदीना जाते समय हुई और इसमें हैदराबाद के निवासी भी शामिल थे। इस सूचना के आधार पर उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पूरी जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया। रेड्डी के कार्यालय ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को इस घटना के संबंध में विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास से संपर्क करने तथा तुरंत आवश्यक राहत उपाय करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने दिल्ली में समन्वय सचिव गौरव उप्पल से तुरंत बात की और आवश्यक निर्देश जारी किए।’’ कार्यालय ने कहा, ‘‘इस घटना से संबंधित विवरणों और राहत उपायों की निरंतर निगरानी तथा परिवारों एवं रिश्तेदारों को जानकारी प्रदान करने के लिए सचिवालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements