कश्मीर के लिए रवाना हुए राहुल और कई अन्य विपक्षी नेता

फोटो - सोशल मीडिया
Share this news

नई दिल्ली, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता शनिवार को कश्मीर के लिए रवाना हो गए, जहां वे अनुच्छेद 370 के प्रमुख प्रावधानों को हटाए जाने के बाद स्थिति का जायजा लेंगे।  गांधी, गुलाम नबी आजाद, केसी वेणुगोपाल और आनंद शर्मा सहित कुल 10 नेता श्रीनगर जा रहे हैं। इन नेताओं का दोपहर के समय श्रीनगर पहुंचने का कार्यक्रम है।  

सूत्रों के मुताबिक अगर श्रीनगर में दाखिल होने की इजाजत मिली तो राहुल समेत सभी नेता वहां हालात का जायजा लेंगे और स्थानीय नेताओं एवं निवासियों से मुलाकात करेंगे।  विपक्षी नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल में माकपा महासचिव सीताराम एचुरी, भाकपा महासचिव डी राजा, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, राजद के मनोज झा, द्रमुक के तिरुचि शिवा, तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी और कुछ अन्य दलों के नेता शामिल होंगे।  

दरअसल, जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राहुल गांधी को कश्मीर आने का न्योता दिया था। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हिरासत में लिए गए नेताओं की रिहाई की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को यहां प्रदर्शन भी किया था।  

गौरतलब है कि हाल ही में सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के कई प्रावधान हटाने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों को बांटने का कदम उठाया।  इसके मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के कई इलाकों में एहतियातन भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई और मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

 इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया या नजरबंद किया गया।  (भाषा)

About Post Author


Share this news
Advertisements