नयी दिल्ली, 18 जून 2026 (भाषा)
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक, परीक्षाओं में धांधली और महंगी फीस के खिलाफ बृहस्पतिवार को ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की और लोगों से इसके समर्थन का आह्वान किया।
ऑनलाइन हस्ताक्षर मुहिम शुरू
राहुल गांधी इन विषयों को लेकर इन दिनों ‘छात्रों की गूंज’ मुहिम चला रहे हैं जिसके तहत वह छात्र सम्मेलनों को संबोधित कर रहे हैं। इस तरह का पहला छात्र सम्मेलन बुधवार शाम राजस्थान के कोटा में हुआ। इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलन का आयोजन होगा।
छात्रों की गूंज’ आपकी आवाज़ है – राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इसी क्रम में अब अपनी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर का अभियान शुरू किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अगर आपने पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, या महंगी फीस का दर्द झेला है, अगर इस व्यवस्था ने आपके सपने तोड़े हैं, अगर आपके परिवार ने आपकी पढ़ाई के लिए जीवनभर की कमाई लगा दी है तो सुनिए: ‘छात्रों की गूंज’ आपकी आवाज़ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ़ एक अभियान नहीं, यह आपकी मांग को सरकार तक पहुंचाने का ज़रिया है।’’
लोगों से इस पर हस्ताक्षर करने की अपील
राहुल गांधी ने इस याचिका का लिंक साझा करते हुए लोगों से इस पर हस्ताक्षर करने की अपील की। उनका कहना है, ‘‘आपका एक हस्ताक्षर इस लड़ाई को ताक़त देगा। जितने ज़्यादा नाम, उतनी बुलंद गूंज।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

