प्रधानमंत्री के लिए ‘अभद्र भाषा’ के विरोध में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प

प्रधानमंत्री के लिए 'अभद्र भाषा' के विरोध में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प
Share this news

पटना, 30 अगस्त 2025 (भाषा)

बिहार में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प का एक मामला सामने आया हैं राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए इस्तेमाल अभद्र भाषा का मुद्दा शुक्रवार को तब सड़कों पर आ गया जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने राज्य कांग्रेस मुख्यालय पर धावा बोल दिया, जिसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘सत्य की हमेशा जीत होती है’’।

राज्य की राजधानी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य कांग्रेस मुख्यालय ‘सदाकत आश्रम’ तक मार्च निकाला और इस दौरान उनकी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हुई।


राहुल गांधी और उनकी पार्टी को माफी मांगनी चाहिए : नितिन नवीन

सदाकत आश्रम से कुछ किलोमीटर दूर स्थित भाजपा कार्यालय से मार्च का नेतृत्व करने वाले राज्य के मंत्री नितिन नवीन ने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। राहुल गांधी, उनकी पार्टी और गठबंधन सहयोगियों को माफी मांगनी चाहिए।’’


अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा नहीं टिक सकते : राहुल गांधी

गांधी ने एक पोस्ट में अप्रत्यक्ष रूप से इस झड़प का जिक्र किया। गांधी ने पोस्ट में लिखा, ‘‘सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है – हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।’’

गांधी के साथ मौजूद कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा, ‘‘जिसने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, वह निंदा का पात्र है। लेकिन इस घटना से कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन को जोड़ना गलत है। और हमारी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर हुआ हमला निंदनीय है। हमें उम्मीद है कि बिहार सरकार आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी। यह स्पष्ट है कि वोटर अधिकार यात्रा की सफलता से भाजपा बौखला गई है।’’


पीएम को अपशब्द कहने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिहार पुलिस ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवी उर्फ ​​रजा (20) के रूप में हुई है, जिसे दरभंगा शहर के सिंहवाड़ा इलाके से गिरफ्तार किया गया।


कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का दावा

इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने दावा किया कि उन्हें संदेह है कि इसमें “भाजपा टूलकिट” काम कर रही है। खेड़ा ने कहा, ‘‘हम जानना चाहेंगे कि उस व्यक्ति को ऐसा व्यवहार करने के लिए किसने उकसाया। जाहिर है कि हम ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे यात्रा से ध्यान भटके। भाजपा का ‘टूलकिट’ विपक्षी दलों की सभाओं में ऐसे तत्वों को बैठाकर काम करता है ताकि उसके नेता बाद में हल्ला मचा सकें।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements