यह सोचना गलत है कि ‘मोदी इज इंडिया’, इंडिया इज नरेन्द्र मोदी’: पवन खेड़ा

Share this news

नयी दिल्ली (भाषा) कांग्रेस ने राहुल गांधी के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमले के बाद बुधवार को पलटवार किया और कहा कि सत्तापक्ष की यह सोच गलत है कि ‘‘नरेन्द्र मोदी भारत हैं और भारत नरेन्द्र मोदी है।’’

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह दावा भी किया कि मौजूदा सरकार की विदेश नीति ‘सरेंडर नीति’ बन गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता ने पड़ोसी देश के समर्थन में बोलने के मामले में पाकिस्तानी सेना प्रमुख, उसके प्रधानमंत्री और वहां के आतंकवादी सरगनाओं को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कटाक्ष एक ‘‘बीमार और खतरनाक मानसिकता’’ को दर्शाते हैं।

यह सोचना गलत है कि ‘मोदी इज इंडिया’, इंडिया इज नरेन्द्र मोदी’: कांग्रेस ने कहा, ‘‘यह सोच गलत है कि ‘मोदी इज इंडिया’, इंडिया इज नरेन्द्र मोदी’ (नरेन्द्र मोदी भारत हैं और भारत नरेन्द्र मोदी है)’’ काग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह देश और सेना मजबूत हैं, लेकिन प्रधानमंत्री और उनकी सरकार ‘‘कायर’’ हैं।

खेड़ा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल के कार्यकाल में हर बार उनका ‘सरेंडर’ ही देखने को मिला है।

उन्होंने कहा, ‘‘वह कहते थे कि काला धन लाएंगे, बेरोजगारी हटाएंगे, किसानों की आमदनी दोगुनी कर देंगे, चीन को लाल आंखें दिखाएंगे, लेकिन सरेंडर कर बैठे। चीन के नाम पर ऐसा हाल हो जाता है कि मुंह खोलते ही क्लीनचिट दे देते हैं। चीन का नाम ले नहीं पाते और पूर्वोत्तर के लोगों के रंग -रूप का मजाक उड़ाते हैं, गणेश जी का अपमान करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र बनें, सरेंडर न करें।’’

About Post Author


Share this news
Advertisements