अहमदाबाद, 01 मई 2026 (भाषा)
गुजरात टाइटन्स ने अनुशासित गेंदबाजी के बाद कप्तान शुभमन गिल (18 गेंद में 43 रन) और जोस बटलर (19 गेंद में 39 रन) की अच्छी शुरूआत की मदद से बृहस्पतिवार यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चार विकेट से शिकस्त दी। गुजरात टाइटन्स ने गिल (चार चौके, तीन छक्के) और बटलर (दो चौके, चार छक्के) के अलावा अंत में राहुल तेवतिया की नाबाद 27 रन (17 गेंद में चार चौके) पारी मदद से 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहली बार ऑल आउट हुई आरसीबी
जेसन होल्डर (29 रन देकर दो विकेट) ने गेंदबाजी के अलावा क्षेत्ररक्षण में भी कमाल दिखाते हुए तीन शानदार कैच लपके। इस तरह गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को 19.2 ओवर में महज 155 रन पर ऑल आउट कर दिया। आरसीबी की टीम इस सत्र में पहली बार ऑल आउट हुई। उसके लिए देवदत्त पडीक्कल 40 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे जबकि विराट कोहली ने 28 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 19 रन का योगदान दिया।
आरसीबी की तीसरी हर, गुजरात के 10 अंक पूरे
गुजरात टाइटन्स (10 अंक) की यह लगातार दूसरी जीत थी जिससे वह पांचवें स्थान पर कायम है जबकि आरसीबी (12 अंक) की यह नौ मैच में तीसरी हार है जिससे वह तालिका में अपने दूसरे स्थान पर बरकरार है। जबकि जोश हेजलवुड (56 रन देकर कोई विकेट नहीं) महंगे साबित हुए जिन्होंने दूसरे ओवर में दो छक्के और तीन चौके से 24 रन लुटाए। रोमारियो शेफर्ड ने अपने दूसरे ओवर में वाशिंगटन सुंदर (12 रन) और शाहरूख खान (08) के विकेट झटके। लेकिन लक्ष्य इतना छोटा था कि गुजरात टाइटन्स छह विकेट गिरने के बावजूद आसानी से लक्ष्य तक पहुंच गई।
आरसीबी हारी, मगर भुवनेश्वर कुमार का जलवा रहा
तीसरे ओवर में भुवनेश्वर की गेंद सुदर्शन के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर बाईं ओर जा रही थी और विकेटकीपर जितेश शर्मा ने डाइव लगाकर उनका कैच लपक लिया। गुजरात टाइटन्स ने 42 रन पर पहला विकेट गंवाया। भुवनेश्वर ने अपने अगले ही ओवर में गुजरात टाइटन्स के गिल को कवर में खड़े विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया। कोहली ने कैच लपककर आक्रामक जश्न मनाया। भुवनेश्वर ने फिर कहर बरपाते हुए अगले ओवर में बटलर के लेग स्टंप उखाड़कर बड़ा विकेट झटका। इस प्रक्रिया में इस अनुभवी तेज गेंदबाज़ ने 352 विकेट पूरे किए और टी20 में 350 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले युजवेंद्र चहल (391) के बाद दूसरे भारतीय बन गए।
गिल और बटलर की तूफानी साझेदारी
पहला विकेट गिरने के बावजूद गिल और बटलर ने तेजी से रन जुटाए। बटलर ने पावरप्ले का समापन हेजलवुड पर छक्का लगाकर किया जिससे छह ओवर में स्कोर दो विकेट पर 69 रन था। बटलर ने सूयश शर्मा के ओवर में लगातार दो छक्के जड़ दिए। इस तरह गुजरात टाइटन्स ने सात ओवर में दो विकेट पर 86 रन बना लिए थे।
जेसन होल्ड का मैदान पर शानदार प्रदर्शन
ऑलराउंडर जेसन होल्डर (29 रन देकर दो विकेट) का मैदान पर प्रदर्शन शानदार रहा, उन्होंने दो विकेट लेने के अलावा तीन शानदार कैच भी लपके। होल्डर ने सबसे पहले डीप स्क्वायर बाउंड्री के पास दौड़ते हुए एक शानदार कैच लपककर पाटीदार को आउट किया। रबाडा से लगभग टकराने के बावजूद उन्होंने हवा में उछलती गेंद को मजबूती से पकड़ लिया।
कोहली और रबाडा के बीच जोरदार मुकाबला
कोहली और रबाडा के बीच का मुकाबला शुरुआत में ही जोरदार रहा। कोहली ने रबाडा की गेंदों पर लगातार पांच चौके जड़े। इसके बाद कोहली ने सिराज की गेंद पर मिड ऑन के ऊपर से एक छक्का जड़ा, और महज 10 गेंदों में ही 28 रन बना लिए। लेकिन अंत में रबाडा ने सटीक लाइन एंव लेंथ से कोहली को गलत टाइमिंग वाला पुल शॉट खेलने पर मजबूर कर दिया। कोहली जब गेंद पर आगे बढ़कर शॉट खेलने गए तो राशिद ने एक बेहतरीन कैच लपककर उन्हें आउट कर दिया।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

