टाटा स्टील मास्टर्स : एरिगैसी ने प्रज्ञाननंदा को हराया, गुकेश ने सिंदारोव से ड्रॉ खेला

टाटा स्टील मास्टर्स : एरिगैसी ने प्रज्ञाननंदा को हराया, गुकेश ने सिंदारोव से ड्रॉ खेला
Share this news

विज्क आन ज़ी (नीदरलैंड) 18 जनवरी 2026 (भाषा)

शीर्ष वरीयता प्राप्त अर्जुन एरिगैसी ने हमवतन आर प्रज्ञाननंदा को हराकर टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की जबकि विश्व चैंपियन डी गुकेश ने पहले दौर में उज्बेकिस्तान के विश्व कप विजेता जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ कड़े मुकाबले में ड्रॉ खेला।

इस प्रतियोगिता की पहली जीत अमेरिका के हैंस मोके नीमन ने हासिल की, जिन्होंने स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसेव हो हराया। जर्मन खिलाड़ी विन्सेंट कीमर दिन के दूसरे विजेता रहे। उन्होंने नीदरलैंड के स्टार खिलाड़ी अनीश गिरी को पराजित किया।

पहले दौर के बाद एरिगैसी, कीमर और नीमन एक-एक अंक के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं, जबकि गुकेश और सात अन्य खिलाड़ी उनसे आधा अंक पीछे हैं। अपने मित्र प्रज्ञाननंदा के खिलाफ एरिगैसी ने शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया। प्रज्ञाननंदा ने शुरू में ही एक गलती कर दी जिससे उनका राजा बीच में फंस गया जिसका एरिगैसी ने पूरा फायदा उठाया और केवल 32 चाल में मुकाबला जीत लिया।

गुकेश भी जीत के करीब पहुंच गए थे लेकिन सफेद मोहरों से खेल रहे सिंदारोव के खिलाफ अपनी मजबूत स्थिति को जीत में तब्दील नहीं कर सके। यह दिन का सबसे लंबा मुकाबला था जो 78 चाल में ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अरविंद चिदंबरम ने भी जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के खिलाफ ड्रॉ के साथ शुरुआत की।

स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements