भोपाल, 12 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मारपीट के बाद 22 वर्षीय बीटेक छात्र की मौत के सिलसिले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को घटना सामने आने के बाद सिपाही संतोष बामणिया और सौरभ आर्य को निलंबित कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर विडियो प्रसारित
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हमले के एक वीडियो में कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी पीड़ित उदित गायके को पकड़े हुए दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा उसे डंडे से मार रहा है।
सिपाहियों के खिलाफ मामला दर्ज
भोपाल ज़ोन-2 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विवेक सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सिपाहियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, “दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
दोस्तों ने बताई पूरी सच्चाई
उदित के दोस्तों के अनुसार, वे बृहस्पतिवार रात इंद्रपुरी में पार्टी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनमें से एक रात करीब डेढ़ बजे उदित को घर छोड़ने जा रहा था, तभी उदित ने पुलिस को देख लिया और एक गली में भागा। दोस्तों ने बताया कि पुलिस ने उदित का पीछा किया और उसकी पिटाई की। बाद में उसकी शर्ट फटी हुई और शरीर पर चोटों के निशान मिले। उदित के दोस्तों ने दावा किया कि जब उनसे मारपीट रोकने के लिए कहा गया तो आरोपी पुलिसकर्मियों ने 10,000 रुपये मांगे। उदित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मृतक छात्र के माता-पिता भोपाल में नौकरी करते हैं, जबकि उसका बहनोई बालाघाट जिले में पुलिस उपाधीक्षक है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

